DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा–रायपुर यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी पर कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने जताई चिंता, GM और DRM को लिखा पत्र लिख व मोबाइल पर चर्चा कर

चांपा–बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों के विलंब से यात्रियों को हो रही परेशानी का मामला उठाया
कोरबा। कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने कोरबा–रायपुर एवं रायपुर–कोरबा के बीच संचालित यात्री ट्रेनों में लगातार हो रही लेटलतीफी को गंभीरता से लेते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर को पत्र लिखकर समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में विशेष रूप से चांपा–बिलासपुर रेलखंड के बीच ट्रेनों के अनावश्यक विलंब का उल्लेख करते हुए कहा है कि इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोरबा से रायपुर और रायपुर से कोरबा के बीच यात्रा करने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यवसायी, मरीज तथा अन्य आम यात्रियों के लिए समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण है।

सांसद ने कहा कि कई अवसरों पर ट्रेनें निर्धारित समय के आसपास अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना होने के बावजूद चांपा और बिलासपुर के बीच अत्यधिक विलंबित हो जाती हैं। इसके कारण यात्रियों को अपने कार्यालय, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, व्यवसायिक एवं अन्य जरूरी कार्यों में पहुंचने में कठिनाई होती है।

उन्होंने रेलवे प्रशासन से हसदेव एक्सप्रेस, शिवनाथ एक्सप्रेस, कोरबा–रायपुर/रायपुर–कोरबा मेमू सहित अन्य यात्री ट्रेनों के समयपालन की विशेष समीक्षा करने की मांग की है।
सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि—
चांपा–बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों के विलंब के वास्तविक कारणों की जांच की जाए।
यात्री ट्रेनों को अनावश्यक रूप से रोकने पर रोक लगाई जाए।
कोरबा–रायपुर एवं रायपुर–कोरबा ट्रेनों का निर्धारित समयपालन सुनिश्चित किया जाए।
इस रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन की विशेष मॉनिटरिंग की जाए।
ट्रेनों की लगातार हो रही देरी का कारणवार विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
निर्माण, रखरखाव अथवा परिचालन संबंधी कार्यों के कारण यदि ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं तो यात्रियों को इसकी पूर्व सूचना दी जाए।
सांसद ने कहा कि कोरबा क्षेत्र के लिए रेल सेवा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि लाखों लोगों की दैनिक जरूरत और जीवनरेखा है। इसलिए यात्री ट्रेनों के समयपालन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से इस पूरे मामले को प्राथमिकता से लेते हुए चांपा–बिलासपुर रेलखंड में हो रही लेटलतीफी की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा यात्रियों को राहत प्रदान करने की अपेक्षा की है।

Exit mobile version