कोरबा। कोरबा पुलिस ने गणेश उत्सव और विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरा कराने के लिए एक खास अभियान चलाया। इस अभियान का नाम ‘ऑपरेशन आघात’ है। पिछले 10 दिनों में पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में तेजी से कार्रवाई करते हुए 407 बदमाशों, अपराधियों और संदिग्ध लोगों पर एक्शन लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ा एक्शन लिया गया। अभियान के दौरान खास टीमें बनाई गईं, जिन्होंने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की तलाश की और उनके ठिकानों पर छापेमारी की।

पुलिस ने कुल 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए हैं। फरार वारंटियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों ने कार्रवाई की। इसके अलावा, 22 स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनमें 2014 से रुके हुए स्थायी वारंट और पुराने मामलों में की गई कार्रवाई भी शामिल है।
शरीर संबंधी और महिला संबंधी अपराधों में शामिल 190 आरोपियों की गिरफ्तारी पर खास ध्यान दिया गया। इन फरार आरोपियों को पकड़ा गया और जेल भेजा गया।
वहीं, 72 लोगों, बदमाशों और संदिग्धों पर रोकथाम के लिए कार्रवाई की गई है। गणेश उत्सव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले लोगों पर धारा 170 BNSS के तहत एक्शन लिया गया।
पुलिस ने बताया कि विसर्जन के दौरान कुछ युवक हाथ में पटाखे फोड़ते हुए खतरनाक स्टंट करते दिखे थे। ऐसे असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जा रही है और उन पर कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान के तहत 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार हुए, 190 पेंडिंग अपराधों में आरोपी पकड़े गए और 72 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई। कुल मिलाकर 407 बदमाशों, अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में शांति बनाए रखने और त्योहारों को सुरक्षित तरीके से पूरे कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
