DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा पुलिस ने बाजार में पैदल मार्च किया:दीपावली पर ज्वेलर्स और दुकानदारों को सतर्क रहने की सलाह, संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील

कोरबा। दीपावली पर सुरक्षा के लिए कोरबा के बांकीमोंगरा पुलिस ने नगर के प्रमुख रास्तों और बाजारों में पैदल मार्च किया। थाना प्रभारी राम कुमार साव के नेतृत्व में पुलिस ने दुकानदारों से मुलाकात की।

पुलिस ने ज्वेलरी शॉप और बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से सुरक्षा के इंतजाम मजबूत रखने को कहा। दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई।

चौक-चौराहों पर जवान तैनात

राम कुमार साव ने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस लगातार निगरानी करेगी। पुलिस पेट्रोलिंग टीम सक्रिय रहेगी और हथियारों से लैस जवान सुरक्षा संभालेंगे।

सर्राफा बाजार में भी पुलिस ने खास चौकसी रखी है। व्यापारियों को नकदी के लेन-देन में सावधानी बरतने और अनजान लोगों पर भरोसा न करने की हिदायत दी गई।

बाजारों में पैदल मार्च कर सुरक्षा का लिया जायजा

कोरबा शहर में कोतवाली थाना, सीएसईबी चौकी, मानिकपुर चौकी और सिविल लाइन थाना पुलिस ने भी अपने-अपने इलाकों में गश्त की। चौक-चौराहों पर जवान तैनात किए गए हैं।

पुलिस ने आम लोगों और व्यापारियों से सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। किसी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी संबंधित थाना-चौकी या कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है।

Exit mobile version