DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा के ट्रांसपोर्टर और मां की सड़क हादसे में मौत:मप्र के बुंदेलखंड हाईवे पर हादसा, एक घायल, पत्नी-बच्चों से मिलने पंजाब जा रहे थे

कोरबा। कोरबा जिले के बड़े ट्रांसपोर्टर अमन बाजवा उर्फ तलविंदर सिंह और उनकी मां की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना मध्य प्रदेश के चित्रकूट के पास बुंदेलखंड नेशनल हाईवे पर हुई। हादसे में उनके मौसा गंभीर रूप से घायल हो गए।

अमन बाजवा (34) अपनी मां और मौसा के साथ स्कॉर्पियो एन कार से पंजाब जा रहे थे। वे अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने पंजाब जा रहे थे। अमन बाजवा दीपका थाना क्षेत्र के झाबर में निवास करते थे।

चित्रकूट में बुंदेलखंड नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में मां और बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना तत्काल संबंधित पुलिस थाना और एंबुलेंस को दी।

मौके पर पहुंची टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी फोन पर दी। अमन बाजवा एक बड़े ट्रांसपोर्टर थे, जिनका कोयला का काम चलता था और उनकी लगभग 100 से अधिक गाड़ियां रोड लाइन पर चलती हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

हादसे की खबर मिलते ही गेवरा-दीपका क्षेत्र के ट्रक मालिक एसोसिएशन और कोयला व्यवसायियों में शोक का माहौल है।

Exit mobile version