DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरिया ट्रिपल मर्डर, पीड़ित परिवार से मिले भूपेश बघेल:अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार, रेत तस्करी विवाद में BJP नेता को जिंदा जलाया था

कोरिया, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बीजेपी नेता समेत 3 लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों भी वारदात वाली रात घटनास्थल पर मौजूद थे। इस केस में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत 4 आरोपियों ने मनेंद्रगढ़ थाने में सरेंडर कर दिया था। वहीं, 5 अन्य आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। वहीं, बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

दरअसल, 16 जून की रात नौगईं गांव में आरोपियों ने रेत तस्करी विवाद में फॉर्च्यूनर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। कार में एक ही परिवार के 5 लोग सवार थे। हादसे में भाजपा नेता लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की जलने से मौत हो गई।

वहीं, आरोपियों ने भाजपा नेता के भाई विरेंद्र सिंह का गला फरसे से काट दिया था। अन्य 2 घायलों का इलाज अभी जारी है। इधर क्षत्रिय समाज ने वारदात की SIT जांच की मांग की है।

बुधवार को भूपेश बघेल ने मृतक लल्ला सिंह के परिवार वालों से मुलाकात की।

अभी पकड़े गए आरोपी घटनास्थल पर मौजूद थे

पुलिस ने मामले में जिन 3 आरोपियों को मंगलवार (23 जून) को गिरफ्तार किया है, उनमें मनीष त्रिपाठी, जितेंद्र त्रिपाठी और अनिल तिवारी शामिल हैं। मनीष और जितेंद्र पहले पकड़े गए मुख्य आरोपियों के परिवार के मेंबर हैं। वहीं, अनिल तिवारी भी करीबी रिश्तेदार है।

घटना के दौरान तीनों के मोबाइल का लोकेशन घटनास्थल पर मिला है। इसी आधार पर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया है। कोरिया एसपी रवि कुर्रे ने बताया कि, यह तीनों आरोपी घटना में शामिल थे।

आरोपियों में जितेंद्र त्रिपाठी की घटना से पहले भरत सिंह लल्ला और मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत अपनी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। जितेंद्र त्रिपाठी का लल्ला सिंह से भी पहले से अच्छे संबंध थे।

2 फरार संदिग्धों की तलाश जारी

कोरिया पुलिस ने बताया कि, घटना में शामिल दो संदिग्ध सुशील त्रिपाठी और अंजनी त्रिपाठी की पुलिस तलाश कर रही है। मामले में उनकी भी संलिप्तता की आशंका है। ये दोनों सदस्य भी त्रिपाठी परिवार के सदस्य हैं। हत्याकांड में सुशील त्रिपाठी की भूमिका ज्यादा होना बताया गया है।

Exit mobile version