ट्रैफिक व्यवस्था दुरूस्त करने सड़क से 30 फीट दूर लगेगा सब्जी पसरा
कोरबा। कोसाबाड़ी चौक के पास सब्जी बेचने वालों को सड़क से 30 फीट दूर सुव्यवस्थित पसरा देने नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शेड का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन शेड पूरा बना नहीं और अवैध कब्जा की बाढ़ आ गई है। आधे शेड में ठेला वाले घूस गए, तो कहीं कार पार्किंग बना लिया गया है और सब्जी का पसरा सड़क किनारे ही लग रहा है, जिसके कारण यहां ग्राहकों की भीड़ रहती है और कार-बाईक सड़क किनारे लगने से यातायात बाधित हो रही है।
शेड बनते ही आ गए कई ठेले वाले

कोरबा में अवैध कब्जाधारियों की बाढ़ आ गई है, जिसे जहां अवसर मिला कब्जा कर लिया। दिगर प्रांत से आने वाले लोग पहले सड़क में ठेला लेकर लघु व्यवसाय प्रारंभ करते हैं और अवसर देखते ही कब्जा बढ़ा लेते हैं। सब्जी मार्केट कोरबा में जैसे ही निगम द्वारा शेड बनाने का काम प्रारंभ किया गया वैसे ही लोगों की गिद्ध नजर पड़ी और बेझिझक शेड पर ठेला लगाकर कब्जा कर लिया।
शेड बनने से पहले सब्जी मार्केट के पास चार-पांच ठेला थे, लेकिन अब दर्जनों लोग यहां शेड में कब्जा कर बैठे हैं।
सुव्यवस्थित होगा सब्जी बाजार-अशोक चावलानी
वार्ड पार्षद एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी ने बताया कि कोसाबाड़ी चौक के पास डेली सब्जी मार्केट को सुव्यस्थित किया जाएगा, इसके लिए सब्जी वालों को पसरा दिया जाएगा, इसके लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है। शेड निर्माण के बाद यहां, जहां यातायात सुव्यवस्थित होगी, वहीं सड़क से 30 फीट दूर शेड का निर्माण सब्जी व्यापारियों के लिए बनाया जा रहा है। शेड निर्माण होने से यहां की सुंदरता भी बढ़ेगी और जाम भी नहीं लगेगा। कोरबा के सभी डेली मार्केट को सुव्यवस्थित बनाया जाएगा, शुरूआत कोसाबाड़ी से की जा रही है।
उद्यान के लिए आरक्षित जगह में कब्जा
कोसाबाड़ी में जिस जगह सब्जी वालों का कब्जा हो गया है, वहां उद्यान के लिए जगह को आरक्षित किया गया था, जहां पर लोग आक्सीजोन का फायदा उठा सकें और सुबह-शाम टहल सकें, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और करोड़ों की जमीन में ठेला, सब्जी, गुमटी वालों का कब्जा हो गया। करोड़ों की जमीन में कब्जा कराने वाले निगम के ही अधिकारी होते हैं और यहां अब परमानेंट सब्जी, फल और ठेले वालों को बसाया जा रहा है।
