04 सितम्बर को कृष्ण जन्माष्टमी: तैयारी पूर्ण
कोरबा/पाली। कोरबा जिले के पाली क्षेत्र के ख्यातिलब्ध समाजसेवी एवं कद्दावर नेता प्रशांत मिश्रा के नेतृत्व में पाली ब्लाक मुख्यालय में नव निर्मित राधा-कृष्ण धाम में भाद्र कृष्ण पक्ष अष्टमी विक्रम संवत् 2083 04 सितम्बर दिन शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पहली बार भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा।

प्रशांत मिश्रा ने बताया कि पाली के लिए ऐतिहासिक राधा-कृष्ण धाम का लोकार्पण एवं प्राण प्रतिष्ठा 19 जुलाई आषाढ़ शुक्ल पंचमी को दिव्य मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के साथ सम्पन्न हुई थी। 04 सितम्बर को कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व धूमधाम एवं दिव्यता के साथ मनाने का फैसला किया गया है और इस धाम में पहली बार भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। श्री मिश्रा ने बताया कि पाली के मंगल भवन के पास स्थित राधा-कृष्ण धाम में 04 सितम्बर को गोधूली बेला में मटका फोड़ का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। रात्रि 8.30 बजे से भजन संध्या का कार्यक्रम रखा गया है। रात्रि 11.00 बजे से पूजा-अनुष्ठान प्रारंभ होगा। रात्रि 12.00 बजे भगवान कृष्ण के जन्म के समय भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव उल्लास, उमंग और मनोभाव से मनाया जाएगा। भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव प्रारंभ होते ही भव्य रूप से आतिशबाजी की जाएगी और फिर प्रसाद/भोग का वितरण किया जाएगा।
कृष्ण जन्मोत्सव में धर्मानुरागियों को सादर आमंत्रण
राधा-कृष्ण धाम पाली के प्रमुख प्रशांत मिश्रा ने इस विराट कृष्ण जन्मोत्सव में पाली, कोरबा जिला सहित प्रदेश के धर्मानुरोगियों को सादर आमंत्रित करते हुए कहा है कि भगवान कृष्ण के इस विराट जन्मोत्सव कार्यक्रम में अधिक से अधिक धर्म प्रेमी पधारें और पुण्य लाभ लें। श्री मिश्रा ने बताया कि जन्मोत्सव के इस धार्मिक आयोजन का लक्ष्य क्षेत्र में सनातन धर्म को आगे बढ़ाने के साथ सामाजिक सद्भाव, एकता और मानवीय संवेदनाओं का संचार करना है, ताकि कार्यक्रम के जरिए लोगों में भाईचारा का विकास हो।
