DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में बारिश से धंसा कुआं…परिवार के 3 लोग दबे

पति-पत्नी और बेटा लापता, पंप निकालते समय हादसा, रेस्क्यू में जुटी SDRF और पुलिस

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को भारी बारिश के कारण एक कुआं धंस गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 3 सदस्य मलबे में दब गए हैं। घटनास्थल पर SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मामला जटगा चौकी क्षेत्र के बनवार गांव का है।

जानकारी के मुताबिक, छोटू राम श्रीवास (65), पत्नी कंचन श्रीवास (53) और बेटा गोविंद श्रीवास (30) कुएं में लगे मोटर पंप को निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पूरा कुआं धंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जबकि आपदा बचाव दल को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।

पहले देखिए ये तस्वीरें-

भारी बारिश के कारण कुआं धंस गया। हादसे में परिवार के 3 सदस्य मलबे में दब गए हैं।

सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि तीनों कुएं में लगे पंप को निकालने की कोशिश कर रहे थे।

भाई-बहन उठे तो, धंसा हुआ था कुआं

घर पर मौजूद भाई-बहन ने पुलिस बताया कि जब वे सुबह उठे तो उन्होंने कुआं धंसा हुआ पाया। बड़े भाई, मां और पिता लापता थे। जटगा चौकी प्रभारी चंद्रपाल खांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

उच्च अधिकारियों को सूचना देकर आपदा प्रबंधन टीम को बुलाया गया है। परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि तीन लोग कुएं में धंसने से दब गए हैं। जिनका रेस्क्यू अभी जारी है।

मौके पर पुलिस और SDRF की टीम मौजूद है, तीनों लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

घरवालों से मिली जानकारी के अनुसार कुएं को खोदे हुए केवल दो महीने हुए हैं।

2 महीने पहले खोदा गया था कुआं

एएसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि कुएं को खोदे हुए केवल दो महीने हुए हैं। लापता लोगों की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मौके पर SDRF की टीम भी बुलाई गई है।

उन्होंने बताया कि छोटू राम श्रीवास के परिवार के 3 लोग लापता है। लापता लोगों में छोटू राम भी शामिल है। जांच में पता चला कि पंप निकाला जा रहा था। यह बात भी सामने आई कि एक दिन पहले बगल में खेत की जमीन भी धंस गई थी। घटना किस कारण हुई आगे जांच की जाएगी।

Exit mobile version