एक मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
कोरबा। सर्वमंगला चौकी थाना कुसमुंडा अंतर्गत भिखारी डेरा सर्वमंगला नगर की एक झोपड़ी में भीख मांग कर गुजर बसर करने वाली एक दंपत्ति की लाश मिली थी। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है और मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने जा रही है।
गत 03 दिसंबर को रात्रि भिखारी डेरा में एक दंपत्ति की झोपड़ी में लाश मिली। पति-पत्नी की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और कुछ फर्लांग दूर रामपुर पुलिस चौकी प्रभारी सहित कुसमुंडा थाना प्रभारी सहित कई बड़े अधिकारी घटना स्थल पहुंचे और मामले की जांच प्रारंभ कर दी। कुसमुंडा पुलिस ने अपराध क्र. 392/24 धारा 103(1),238,3 (2) बीएनएस के तहत संदिग्ध लोगों से पूछताछ प्रारंभ की और घटना स्थल के पास रहने वाले विनोद मसीह से पूछताछ की।
पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद विनोद मसीह ने पुलिस को बताया कि भिखारी डेरा सर्वमंगला नगर बोर के पास कमल सतनामी, बबला उर्फ शेख रमजान अली एवं वासुदेव यादव बैठकर शराब पी रहे थे और रमजान को शांता यादव के पैर पकड़े हुए और कमल सतनामी को शांता यादव का गला पकड़े देखा। विनोद मसीह से पूछताछ के बाद पुलिस ने शेख रमजान अली को हिरासत में लिया और मेमोरंडम लेखबद्ध किया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल के पास शराब पीकर फेंकी गई सीसी एवं डिस्पोजल को जप्त कर लिया गया।
पुलिस को किया गया गुमराह
कुसमुंडा पुलिस ने आज पत्रकार वार्ता के दौरान अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने की जानकारी दी और बताया कि आरोपी शेख रमजान अली पिता मो.शेख अब्बारा ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और स्वयं गिरफ्तार होने से बचने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और साक्ष्य छुपाने एवं एक से अधिक आरोपी होने से जुर्म में धारा 238, 3 (5) बीएनएस जोड़ा गया।
थाना प्रभारी ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया गया कि मृतक वासुदेव पिता शत्रुहन यादव (66) उसकी पत्नी शांता यादव पति वासुदेव यादव (64)दोनों भिखारी डेरा बरेठ मोहल्ला चौकी सर्वमंगला के रहने वाले हैं और पीएम रिपोर्ट मिलने पर पता चला कि वासुदेव यादव की मृत्यु गला घोटने एवं सीना में दबाने से पसलियों के टूटने से अत्यधिक खून बहने से एवं मृतिका शांता यादव की मृत्यु गला दबाने से हुई है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी से मामले को सुलझाने आवश्यक दिशा निर्देश मिलने के बाद एएसपी यूबीएस चौहान, सीएसपी विमल पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी, सब इंस्पेक्टर रफिक खान, सहायक उपनिरीक्षक विभव तिवारी सउनि. लक्ष्मी प्रसाद रात्रे, प्र.आर. 187 शिव जायसवाल, आर. 678 गजानंद यादव, आर. 733 केशव कंवर, आरक्षक 587 दिपेश प्रधान, आरक्षक 95 दुर्गेश डनसेना, सैनिक 156 सुखनंदन टण्डन एवं सैनिक 93 विजेता कुमार की मुख्य भूमिका रही। एक आरोपी फरार है और पुलिस ने बताया उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
24 घंटे में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई कुसमुण्डा पुलिस ने
