फर्जी जियो टेक कर एक ही व्यक्ति के नाम पर लाखों का भुगतान, सरपंच-सचिव संदेह के दायरे में
कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा। जिले की जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर में गोठान, सीसीरोड, पानी टंकी, चारागाह के लिए भूमि समतलीकरण, फेंसिंग, गड्ढा खुदाई सहित कई कार्यों का फर्जी जियो टेक कर लाखों का बंदरबांट करने का मामला प्रकाश में आया है, इसके पूर्व यहां के ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन देकर साढ़े आठ लाख के फर्जी आहरण करने की शिकायत की थी, जिस पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग के निर्देश पर आरईएस के ईई ए के जोगी की अध्यक्षता में बनी टीम ने जांच प्रारंभ कर दी है।
एक ही व्यक्ति के नाम पर मजदूरी से लेकर निर्माण कार्यों का भुगतान
फर्जी जियो टेक कर किया गया लाखों का बंटरबांट
सचिव एवं नेता मो.हसन अली एवं पूर्व सरपंच श्रीमती संतोषी एवं उसके पति धनेश्वर सिंह ओरकेरा (वर्तमान सरपंच) ने मजदूरी से लेकर सप्लायर के रूप में एक ही व्यक्ति को भुगतान किया गया है। गोठान में शेड निर्माण के लिए रामशेखर पाण्डेय को रूपए 49,995, रनिंग वाटर कार्य में नल, पाईप एवं सिनटेक्स फिटिंग के लिए रामशेखर पाण्डेय को ही रूपए 15000 का भुगतान, पानी टंकी निर्माण के लिए रामशेखर पाण्डेय को ही रूपए 20 हजार का भुगतान, चारागाह के लिए भूमि समतलीकरण के नाम पर रामशेखर पाण्डेय को ही रूपए 60 हजार का भुगतान, गोठान के लिए तिरपाल खरीदी एवं गड्ढा खुदाई के लिए रामशेखर पाण्डेय को ही रूपए 30 हजार का भुगतान, चारागाह के लिए जमीन जुताई के नाम पर रामशेखर पाण्डेय को ही रूपए 25 हजार का भुगतान, गोठान में फेंसिंग के लिए रामशेखर पाण्डेय को ही रूपए 25 हजार का भुगतान किया गया। इसके अलावा कई संदेही भुगतान रामशेखर पाण्डेय को किया गया।
सचिव कम नेतागिरी ज्यादा करते हैं सचिव मो. हसन अली
पूरे जिले में लालपुर के सचिव मो. हसन अली काफी चर्चा में रहते हैं। वे सचिव के रूप में कितना काम करते हैं, इस विषय से ज्यादा नेतागिरी में चर्चित रहते हैं। सचिव का ट्रांसफर से लेकर अधिकारियों द्वारा फर्जी कामों की जांच कराने पर भी ये साहबजादे नेतागिरी में उतर आते हैं।
तानाखार सचिव मोहन कौशिक पर सामान्य स्थानांतरण पर पूरे जिले में काम ठप्प करने की धमकी
तानाखार सचिव मोहन कौशिक के खिलाफ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह के नेतृत्व में सरपंच, पंच एवं ग्रामीण कलेक्टर को स्थानांतरण के लिए आवेदन दिया और सचिव मोहन कौशिक पर मनमानी, ग्रामीणों की अनदेखी एवं मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर कथरीमाल से आना-जाना करना और महीने में एक या दो बार कार्यस्थल पहुंचना शामिल था।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग ने सचिव मोहन कौशिक को तानाखार से अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया था, इसके बाद सचिव मो. हसन अली के नेतृत्व में सचिव संघ ने जिला पंचायत सीईओ को धमकीभरा ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा गया था कि सचिवों का स्थानांतरण अवैधढंग से किया जा रहा है। सचिवों का स्थानांतरण रोकें, अन्यथा पूरे जिले में काम ठप्प कर दिया जाएगा।
भ्रष्टाचार का मास्टर माइंड और ईमानदारी का ढिंढोरा
लालपुर सचिव मो.हसन अली पर ग्रामीणों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिस पर कार्यपालन अभियंता-ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कोरबा ए के जोगी की नेतृत्व वाली जांच टीम लालपुर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी है। अब नया मामला सामने आया है, जिस पर दूसरे काम की फोटो खिंचकर जियो टेक किया गया और गोठान निर्माण से लेकर कई कार्यों का फर्जी जियो टेक कर पहले से निर्मित सीसी रोड, पानी टंकी सहित दर्जनों कामों का फर्जी आहरण करने के लिए एक ही व्यक्ति के नाम पर भुगतान किया गया।

