पटना,एजेंसी। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकाल दिया है। लालू ने इसकी जानकारी फेसबुक पर पोस्ट करके दी।
तेजप्रताप यादव के एक महिला के साथ फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें वह एक लड़की के साथ दिख रहे हैं। यूजर्स तेजप्रताप की दूसरी शादी का दावा कर रहे हैं।
लालू यादव ने लिखा- उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है

लालू प्रसाद ने लिखा- ‘निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है।
ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।’
अपने निजी जीवन का भला-बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सार्वजनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।
वायरल पोस्ट पर तेजप्रताप ने कहा था- अकाउंट हैक कर लिया गया
तेजप्रताप की यही फोटो वायरल हो रही है।
तेजप्रताप की नई रिलेशनशिप की चर्चा शनिवार शाम उनके फेसबुक अकाउंट से पोस्ट की गई एक तस्वीर से शुरू हुई। इसमें लिखा गया था कि, ‘मैं 12 साल से अनुष्का यादव के साथ रिलेशनशिप में हूं।’
कुछ देर बाद इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया है। पोस्ट के करीब 5 घंटे बाद तेजप्रताप ने अपने X अकाउंट से पोस्ट कर जानकारी दी कि मेरा अकाउंट हैक कर लिए गया है। ये फर्जी पोस्ट है और फोटो एडिट किया गया है।
हालांकि, उनके इस दावे के बाद 6 फोटो और दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें उनकी शादी से लेकर करवा चौथ मनाने तक के दावे किए जा रहे हैं।
7 फोटो वायरल, दावा- तेजप्रताप ने शादी की, लालू के बेटे बोले- फोटो एडिटेड
तेजप्रताप यादव की यह फोटो वायरल है। लड़की का नाम अनुष्का यादव बताया जा रहा है। वह पटना की रहने वाली है।
सेल्फी लेते दोनों की यह फोटो वायरल है। दावा किया जा रहा है कि ठंड के दिनों की फोटो है।
तेजप्रताप और अनुष्का की यह फोटो भी काफी वायरल है।
तेजप्रताप की इस फोटो से दावा किया जा रहा है कि उन्होंने दूसरी शादी कर ली है। कुछ यूजर्स का दावा है कि फोटो करवा चौथ मनाने के दौरान की है। दैनिक भास्कर ऐसे किसी भी दावे की पुष्टि नहीं करता।
लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप की यह फोटो वायरल है। अनुष्का माथे पर सुहाग की निशानी सिंदूर लगाए हुए है।
सोशल मीडिया पर अनुष्का की यह फोटो वायरल है। हाथ में मेहंदी और सिर पर राजद की टोपी पहनी दिख रही हैं।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें तेजप्रताप यादव अनुष्का के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करते दिख रहे हैं।
पहली पत्नी की मां बोलीं- हमको पहले से पता था
तेजप्रताप यादव की शादी मई 2018 में पूर्व सीएम दरोगा राय की पोती ऐश्वर्या राय से हुई है। दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है।
फोटो वायरल होने के बाद भास्कर ने ऐश्वर्या राय के पिता चंद्रिका राय को फोन किया, जो उनकी पत्नी (ऐश्वर्या की मां) पूनम राय ने रिसीव किया। उन्होंने कहा- हमको ये सब पहले से पता था। सब लोगों को पता है, इसमें छुपा क्या है। आगे नो कमेंट।
शनिवार शाम तेजप्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से ये पोस्ट किया गया था। अभी इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया है। तेजप्रताप का दावा है कि उनका अकाउंट हैक किया गया था।
