DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

हिमाचल के चंबा में लैंडस्लाइड, 11 मौतें:उत्तराखंड में बादल फटने से 5 की जान गई, पंजाब- फिरोजपुर में 62 गांव डूबे, 2500 का रेस्क्यू

नई दिल्ली,एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में भारी बारिश के बीच मणिमहेश यात्रा पर निकले 11 श्रद्धालुओं की लैंडस्लाइड में मौत हो गई है। मृतकों में 3 पंजाब, 1 उत्तर प्रदेश और 5 चंबा के रहने वाले हैं। दो लोगों की अभी पहचान नहीं हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, लोगों की मौतें पहाड़ से पत्थर गिरने और ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई है। भरमौर में करीब 3 हजार मणिमहेश श्रद्धालु फंसे हैं, जिनका रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पिछले सप्ताह लैंडस्लाइड में 7 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। 9 लापता हो गए थे।

दूसरी तरफ, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार रात बादल फटने से 5 लोगों की मौत हो गई। तीन लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि लैंडस्लाइड के कारण लगभग 30-40 परिवार मलबे के ढेर में दब गए और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।

रुद्रप्रयाग के जखोली में मकान ढहने से एक महिला की मौत हो गई। 4 नेपाली और 4 स्थानीय सहित 8 मजदूर मलबे में दबे हैं। रुद्रप्रयाग में मलबे में फंसे 70 से ज्यादा लोगों को निकाला गया है।

पंजाब के फिरोजपुर में बारिश के चलते 62 गांव प्रभावित हुए। प्रशासन ने 2500 से ज्यादा लोगों को अब तक सुरक्षित जगह पहुंचाया है। 13 रिलीफ कैंप बनाए गए हैं।

देशभर में बाढ़-बारिश की तस्वीरें…

हिमाचल के भरमौर में शुक्रवार को मणिमहेश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को उफनते नाले को पार कराकर रेस्क्यू किया गया।

उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल में गुरुवार रात लैंडस्लाइड के बाद सड़कों पर मलबा जमा हो गया। शुक्रवार सुबह इसे हटाया गया।

उत्तराखंड में कल रात से भारी बारिश के कारण शुक्रवार को बद्रीनाथ हाईवे अलकनंदा नदी में डूब गया। इससे श्रीनगर-रुद्रप्रयाग रास्ता बंद हो गया है।

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे नदी के तेज बहाव में बह गई। सड़क कई जगहों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त है।

पंजाब के गुरदासपुर में सेना ने 27 अगस्त को एक टापू पर फंसे 27 लोगों के चीता हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू का वीडियो शुक्रवार को पोस्ट किया।

Exit mobile version