DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

टॉयलेट में बर्तन धोने पर ढाबे का लाइसेंस सस्पेंड:खाना खाने आए ग्राहक ने बनाया वीडियो, वायरल होने के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हरेठी स्थित पापा ढाबा का खाद्य लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। जेंट्स टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने जांच की। जांच में वीडियो सही पाए जाने पर विभाग ने यह कार्रवाई की है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ढाबे का एक कर्मचारी जेंट्स टॉयलेट के अंदर कटोरी, प्लेट और अन्य बर्तन धोता दिखाई दे रहा था। इसके बाद ढाबे की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे।

वहीं, इस पूरे मामले में ढाबा संचालक मुन्ना ठाकुर ने वायरल वीडियो को साजिश का हिस्सा बताया है। दूसरी ओर, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने भी कहा कि वीडियो ढाबे को बदनाम करने की नीयत से वायरल किया गया है।

ग्राहक ने बनाया था वीडियो

जानकारी के मुताबिक, पापा ढाबा में रोज बड़ी संख्या में लोग खाना खाने आते हैं। इसी दौरान एक ग्राहक ने कर्मचारी को टॉयलेट में बर्तन धोते देखा और पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

लाइसेंस सस्पेंड, नोटिस भी जारी

मामले की खबर सामने आने के बाद खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग हरकत में आया। जांच पूरी होने के बाद ढाबे का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

विभाग ने कहा है कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ढाबों और रेस्टोरेंटों की नियमित जांच होती, तो ऐसी लापरवाही सामने नहीं आती।

जांच में वीडियो सही पाए जाने पर विभाग ने लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई की।

जांच में वीडियो सही पाए जाने पर विभाग ने लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई की।

अधिकारी भी आते हैं खाने

पापा ढाबा में आम लोगों के साथ-साथ कई सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी भोजन करने आते हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सिर्फ एक ढाबे पर कार्रवाई करने के बजाय जिले के सभी ढाबों और रेस्टोरेंटों की जांच की जाए।

उनका कहना है कि कई जगह साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं हो रहा है और निरीक्षण केवल औपचारिकता बनकर रह गया है।

ढाबा संचालक ने दी सफाई

पापा ढाबा के संचालक मुन्ना ठाकुर ने कहा कि वायरल वीडियो ढाबे को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने बताया कि जहां सामान्य रूप से बर्तन धोए जाते हैं, वहां निर्माण कार्य चल रहा था। इसी कारण कुछ समय के लिए दूसरी जगह बर्तन धोए जा रहे थे। उसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

ढाबा संचालक ने वायरल वीडियो को ढाबे को बदनाम करने की साजिश बताया है।

नगर पालिका अध्यक्ष के बयान पर बहस

मामले में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने वायरल वीडियो को ढाबे को बदनाम करने की कोशिश बताया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने इसे ढाबा संचालक के समर्थन में बताया, जबकि कुछ ने अध्यक्ष की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।

Exit mobile version