नई दिल्ली, एजेंसी। सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दो दोषियों को जमानत दे दी है।
कोर्ट ने उनकी सजा पर निलंबित करते हुए कहा कि दोनों 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं। इनमें से एक दोषी गंभीर रूप से दिव्यांग है। कोर्ट ने दोनों को ट्रायल कोर्ट की ओर से तय शर्तों पर रिहा करने का आदेश दिया।
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की बेंच ने दोनों दोषियों बिपिनचंद्र जोशी और प्रदीप मोधिंया की याचिकाओं पर सुनवाई की। दोषियों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 2017 के फैसले को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने दोनों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।
दोषियों के वकील की दलील- एक का नाम FIR में नहीं था
सुनवाई के दौरान दोषियों के वकील सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि दोनों 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं।
एक दोषी का नाम FIR में नहीं था और घटना के करीब 3 साल बाद उसे इस मामले में आरोपी बनाया गया था। उन्होंने कोर्ट को यह भी बताया कि एक दोषी गंभीर रूप से दिव्यांग है।
वहीं, केंद्र सरकार की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल राजा ठाकरे ने जमानत की मांग का विरोध किया। उन्होंने कहा कि निचली अदालत और हाईकोर्ट दोनों मामले से जुड़े सबूतों पर विचार कर चुके हैं। अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषियों को राहत नहीं मिलनी चाहिए।
इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट का जनवरी 2024 का फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने 8 जनवरी 2024 को गुजरात सरकार के 15 अगस्त 2022 को 11 दोषियों को दी गई समयपूर्व रिहाई (रेमिशन) के आदेश को पूरी तरह खारिज कर दिया था। कोर्ट ने आदेश दिया था कि सभी 11 दोषियों को वापस जेल जाना होगा।

