सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर मेंटेनेंस के दौरान मजदूरों को ले जा रही एक लिफ्ट करीब 40 मीटर (131 फीट) की ऊंचाई से अचानक गिर गई। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक और घायल मजदूर उत्तर प्रदेश और झारखंड के रहने वाले हैं। हादसे के वक्त लिफ्ट में कुल 10 मजदूर सवार थे। वे सभी प्लांट की पांचवीं मंजिल (करीब 75 मीटर ऊंची) तक जा रहे थे। लेकिन जब लिफ्ट 40 मीटर तक पहुंची, तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। गिरते ही प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
यह मामला डभरा थाना क्षेत्र का है। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा। बाद में एक और मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल मजदूरों को डभरा से रायगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में घायलों को भर्ती किया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
डभरा स्थित आरके प्लांट में हादसा हुआ है।

मृतक अंजनी कुमार ।
मृतक रविंद्र कुमार।
मृतक के परिजन और मजदूरों ने किया हंगामा
हादसे के बाद बड़ी संख्या में मजदूरों के परिजन और अन्य मजदूर प्लांट गेट के बाहर जमा हो गए और हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्लांट में मजदूरों को ले जाने के लिए बनी लिफ्ट गिरी।
डभरा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में हादसा हुआ है।
बॉयलर में मेंटेनेंस के दौरान हादसा
सक्ती एडिशनल एसपी हरीश यादव ने बताया कि लिफ्ट गिरने से तीन मजदूरों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं। सभी मजदूर बॉयलर की मरम्मत के कार्य में लगे थे।
हादसे के बाद प्लांट में काम कर रहे मजदूरों में आक्रोश फैल गया। स्थिति को देखते हुए डभरा पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मौके पर मौजूद है।
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
मजदूर बोले- प्रबंधन की लापरवाही से हादसा हुआ
स्थानीय मजदूरों ने आरोप लगाया है कि पॉवर प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की नियमित तकनीकी जांच लंबे समय से नहीं की गई थी। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन के खिलाफ मजदूर में आक्रोश है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
