सक्ती। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र गुरुवार (2 जुलाई) दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से मजदूरी कर रहे पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा मढ़ी कंचन मैदान के पास स्थित एक खदान में हुआ। दोनों की मौके पर ही जान चली गई।

मृतकों की पहचान बसंतपुर निवासी आनंदराम माली (54) और उनकी पत्नी धोबनिन बाई माली (50) के रूप में हुई है।
खदान में काम के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे दंपती खदान में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया। तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उस जगह गिरी, जहां दोनों काम कर रहे थे। बिजली की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश
शाम तक दोनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में मौत का कारण आकाशीय बिजली गिरना सामने आया है। पोस्टमार्टम और अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
मौसम खराब होने पर बरतें सावधानी
विशेषज्ञों के अनुसार, गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, खेत, खदान, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और धातु की वस्तुओं के पास रुकने से बचना चाहिए। मौसम खराब होने पर सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेना सबसे सुरक्षित माना जाता है।
