रीजन एवं जोन मिट में क्लब गतिविधियों की समीक्षा, नवीन पदाधिकारियों ने ली शपथ
कावेरी रेस्टोरेंट में आयोजित हुआ गरिमामय समारोह, सेवा कार्यों को गति देने पर जोर
कोरबा। द इंटरनेशनल एसोशिएशन ऑफ लॉयन्स क्लब डि.3233 सी के अंतर्गत रीजन 9 के रीजन चेयरमैन एमजेएफ लायन पवन अग्रवाल एवं जोन चेयरपर्सन जोन 25 मनोज गुप्ता एवं जोन चेयरपर्सन जोन 26 शिव जायसवाल की संयुक्त बैठक का आयोजन 26 सितंबर को कावेरी रेस्टोरेंट कोरबा में गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर लॉयन्स क्लब कोरबा एवरेस्ट के नवीन पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मल्टीपल काउंसिल वाइस चेयरमैन पीएमजेएफ डॉ. ला. राजकुमार अग्रवाल रहे,जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ एम.डी. माखीजा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रीजन चेयरपर्सन पवन अग्रवाल ने की मंच पर रीजन पीआरओ व शपथ अधिकारी अजय धनोंदिया, जोन चेयरपर्सन मनोज गुप्ता एवं शिव जायसवाल तथा रीजन सलाहकार कैलाशनाथ गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचस्थ अतिथियों द्वारा लॉयन्स क्लब के संस्थापक मेलविन जोन्स के तैल्यचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात शपथ अधिकारी एवं रीजन पीआरओ अजय धनोंदिया ने लॉयन्स क्लब कोरबा एवरेस्ट के नवनियुक्त पदाधिकारियों को क्रमवार शपथ दिलाई। नवीन पदाधिकारियों ने लॉयन्स क्लब के सेवा कार्यों, संगठन की गरिमा एवं सामाजिक दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
शपथग्रहण के उपरांत आयोजित संयुक्त रीजन एवं जोन मिट में रीजन चेयरपर्सन पवन अग्रवाल ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने जोन चेयरपर्सन मनोज गुप्ता एवं शिव जायसवाल से उनके जोन के अंतर्गत आने वाले सभी क्लबों की गतिविधियों एवं कार्ययोजनाओं की क्रमवार जानकारी ली। बैठक में उपस्थित विभिन्न क्लबों के अध्यक्षों ने अपने-अपने क्लब के द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों, सामाजिक गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों के साथ क्लब की स्थाई गतिविधियों की जानकारी रीजन चेयरपर्सन के समक्ष साझा की।
इस अवसर पर क्लब गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, सेवा कार्यों का विस्तार करने तथा सभी क्लबों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने लॉयन्स क्लब के सेवा संकल्प को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पीएमजेएफ डॉ. ला. राजकुमार अग्रवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लॉयन्स क्लब की पहचान उसकी सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी से है। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन की गरिमा को बनाए रखते हुए जनसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा एवं व्यापकता देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जब आप मन से सेवा कार्य करेंगे, तो आपके द्वारा किया गया सेवा कार्य निश्चित ही सफलता देगा।
विशिष्ट अतिथि एमजेएफ एम.डी. माखीजा ने भी नवीन पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठनात्मक एकजुटता एवं सेवा गतिविधियों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्लब के प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी से ही सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रीजन चेयरपर्सन पवन अग्रवाल ने सभी क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रीजन के सभी क्लब आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करें तथा सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने सभी क्लबों की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए आगामी कार्यों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में रीजन चेयरपर्सन पवन अग्रवाल द्वारा मंचस्थ सभी अतिथियों को स्मृतिचिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवीन पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मनोज अग्रवाल-अध्यक्ष लॉयन्स क्लब कटघोरा छुरी,डॉ नागेंद्र नारायण शर्मा अध्यक्ष कोरबा एवरेस्ट,दर्शन अग्रवाल- अध्यक्ष, लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल, राकेश पाण्डेय,नरेंद्र अग्रवाल,पार्वतीदास,राजा मोदी,सुनील जायसवाल सहित विभिन्न लॉयन्स क्लब से जुड़े पदाधिकारी,अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
