कोरबा। ग्राम मड़वारानी में संचालित सीबीएसई मान्यता प्राप्त विद्यालय एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल में दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को स्वर्गीय नितेश कुमार अग्रवाल की छठवीं पुण्यतिथि पर ‘दिव्यांगों की प्रेरणा’ कार्यक्रम एवं निःशुल्क रक्त, ब्लड प्रेशर, मधुमेह जॉच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पीएमजेएफ लायन रिपुदमन पुसरी (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, डिस्ट्रिक्ट 3233 सी) के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पीएमजेएफ लायन सुधा मारदा (रीजन ग्रेड मास्टर एवं सचिव, महेश्वरी मंडल, छत्तीसगढ़ प्रदेश, बिलासपुर क्षेत्र) तथा मोहम्मद सादिक शेख (डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर एवं स्टेट को-ऑर्डिनेटर, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, जिला कोरबा) उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन दर्शन अग्रवाल (अध्यक्ष, लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल) एवं लायन खूशबू आशीष अग्रवाल (चेयरमेन, एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल) ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, समानता और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देना था।

लायंस पब्लिक स्कूल एवं शिवाय हास्पिटल कोरबा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित निःशुल्क रक्त, ब्लड प्रेशर, मधुमेह जॉच एवं स्वास्थ्य शिविर ने आयोजन को सेवा और जनकल्याण की दृष्टि से विशेष महत्व प्रदान किया। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और बीमारियों से बचाव के प्रति प्रेरित करना था। इस पहल के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने का संदेश दिया गया। उक्त शिविर में लगभग 300 लोग लाभान्वित हुये।
कार्यक्रम प्रभारी पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की प्रतिभा, क्षमता और सपनों की सीमा नहीं है। उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग मिलने पर दिव्यांगजन भी अपनी प्रतिभा से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और सम्मानजनक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्चे सामाजिक दायित्व का परिचायक है।
मुख्य अतिथि पीएमजेएफ लायन रिपुदमन पुसरी ने अपने उद्बोधन में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिले। उन्होंने दिव्यांगजनों की प्रतिभा को पहचानने, उनका मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सेवा भावना मजबूत करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
विशिष्ट अतिथि मोहम्मद सादिक शेख ने अपने संबोधन में अनुशासन, सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का मूल उद्देश्य भी सेवा, नेतृत्व, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने युवाओं से जरूरतमंदों की सहायता करने, दिव्यांगजनों का सम्मान करने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि पीएमजेएफ ला. सुधा मारदा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लायन दर्शन अग्रवाल ने समाजसेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस आयोजन में विद्यालय की चेयरमेन लायन खुशबू आशीष अग्रवाल, कार्यक्रम प्रभारी पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल तथा कार्यक्रम संयोजक श्रीमती कविता सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि दिव्यांगजनों को सम्मान, समान अवसर और प्रोत्साहन देना तथा प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुँचाना एक संवेदनशील और सशक्त समाज की पहचान है। स्वर्गीय नितेश कुमार अग्रवाल की पुण्यतिथि पर आयोजित यह पहल सेवा, समर्पण, समानता और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करने का सार्थक माध्यम बनी।
कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चो द्वारा विभिन्न प्रकार के विद्याओ की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। जिसकी सभी ने प्रशंसा की। कार्यक्रम में छाया डनसेना ग्राम बम्हनीडिह निवासी प्रथम स्थान प्राप्त किया। उक्त कार्यक्रम में लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल द्वारा सभी प्रतिभागियो को दिपावली के अवसर पर नये कपड़े प्रदान किये गये। उक्त कार्यक्रम में लायंस क्लब बिलासपुर उत्कर्ष के लायन भारती तिवारी, लायन कुसुम सोमानी, लायन मोहन सिंह छाबड़ा, लायन मनोज गुप्ता जोन चेयरमेन, लायन सुरेन्द्र कुमार डनसेना, लायन सुभाष चंद अनंत सहित अन्य लायन सदस्य, छात्रगण, अभिभावकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
