DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

छत्तीसगढ़ के सरकारी दफ्तर में दिवाली गिफ्ट में शराब बंटी:हर टेबल के नीचे बोतलें, कांग्रेस ने वीडियो बनाया, EE से भी पूछताछ

कांकेर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बिजली विभाग के कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के साथ शराब की बोतलें देने का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने इसका वीडियो बनाया और थाने में शिकायत की, जिसके मुताबिक, धनतेरस के दिन अधिकारियों और कर्मचारियों को मिठाई के डिब्बों की जगह शराब की बोतलें बांटी गईं।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शराब की बोतलों को जांच के लिए जब्त कर लिया। पुलिस कार्यपालन अभियंता (EE) को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना भी लेकर गई थी। घटना के बाद विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे।

हालांकि, कार्यपालन अभियंता ने इस मामले में अपनी जानकारी नहीं होने की बात कही। उन्होंने आरोपों से भी इनकार किया।

बिजली विभाग के कर्मचारियों को शराब बांटे जाने का आरोप है।

कांग्रेस नेता ने दफ्तर पर पहुंचकर वीडियो बनाया और थाने में शिकायत की।

कांग्रेसियों के हंगामे के बाद पहुंची पुलिस।

कांग्रेस ने कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने का वीडियो बनाया

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष ब्लोमेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि बिजली विभाग में दीपावली के उपहार के नाम पर शराब बांटी जा रही है। इसकी जानकारी मिलने पर वे विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे और वहां का वीडियो बनाया।

यादव का आरोप है कि ऑफिस में एक ही तरह के पैकेट में शराब की बोतलें रखी जा रही थीं। महिला कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यालयीन समय के दौरान कई कर्मचारियों की टेबल के ऊपर और नीचे शराब की बोतलें रखी हुई थीं। उन्होंने इस संबंध में कार्यपालन अभियंता से भी सवाल किया, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

आरोप है कि हर टेबल के नीचे ऐसे पीले रंग के पैकेट थे।

सूचना पर पहुंची पुलिस, बोतलें जांच के लिए जब्त

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंची। वहां से शराब की बोतलों को जांच के लिए जब्त किया गया। पुलिस कार्यपालन अभियंता को पूछताछ के लिए अपने वाहन से कोतवाली थाना लेकर गई थी। इसके बाद विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे।

ऑफिस टाइम में सरकारी दफ्तर के भीतर शराब की बोतलें मिलने का मामला सामने आने के बाद शहर में भी इसकी चर्चा होने लगी। फिलहाल पुलिस ने बोतलों को जब्त कर मामले की जांच शुरू की है।

अधिकारी बोले- शराब की बोतलें कहां से आईं, जानकारी नहीं

वहीं, विद्युत विभाग के अधिकारी एस. के. किंडो का कहना है कि ऑफिस में शराब की बोतलें कहां से आईं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई और वाहन में ले जाने के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई। अधिकारी ने इस व्यवहार को अशोभनीय बताया।

फिलहाल मामले में कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों और कार्यालय से जब्त शराब की बोतलों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शराब की बोतलें कार्यालय में किस उद्देश्य से और किसके द्वारा रखी गई थीं।

Exit mobile version