रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले केस में पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को बुधवार को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने चैतन्य को 6 अक्टूबर तक और दीपेन चावड़ा को 29 सितंबर तक EOW की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया है। चैतन्य से 13 दिन और दीपेन से 6 दिन तक पूछताछ होगी।
जानकारी के अनुसार, ACB-EOW ने चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल कोर्ट में आवेदन दाखिल किया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर भेजा। हालांकि, चैतन्य बघेल ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जो खारिज हो गई थी।
इसके अलावा, चैतन्य ने ACB-EOW की गिरफ्तारी से बचने के लिए रायपुर की स्पेशल कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन यहा से भी इसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद दोबारा हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की, जिसे कोर्ट ने बुधवार को खारिज कर दिया।
इसके साथ ही, चैतन्य बघेल ने ED की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस याचिका पर सुनवाई भी पूरी हो चुकी है। जस्टिस अरविंद वर्मा की सिंगल बेंच ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। चैतन्य बघेल को ईडी ने 18 जुलाई 2025 को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था, तब से चैतन्य जेल में हैं।
कोर्ट में पेशी में ले जाते वक्त की तस्वीरें…
रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने चैतन्य बघेल को 6 अक्टूबर तक EOW की रिमांड पर भेज दिया है।
शराब घोटाला मामले में चैतन्य बघेल को EOW ने रिमांड पर लिया है।
शराब घोटाले मामले में चैतन्य बघेल को रायपुर कोर्ट में पेश करने ले जाते पुलिसकर्मी।
