DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

NH पर पहुंचा अकेला हाथी, वाहनों की लगी लंबी कतार:कटघोरा के चोटिया सर्किल में मचाया उत्पात, आधे घंटे तक सड़क पर घूमता रहा

कोरबा। कोरबा के कटघोरा वनमंडल के चोटिया सर्किल में एक बार फिर हाथी का उत्पात देखने को मिला। झुंड से बिछड़ा एक अकेला हाथी मंगलवार रात नेशनल हाईवे-130 पर पहुंच गया। सड़क पर अचानक हाथी को देखकर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

हाथी को सड़क पर देखकर दोनों ओर वाहन रुक गए। ट्रक, बस और छोटे वाहन चालकों ने गाड़ियां दूर ही रोक दीं। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक हाथी सड़क पर इधर-उधर घूमता रहा।

जानकारी के मुताबिक, यह हाथी पिछले कई दिनों से कटघोरा वनमंडल में घूम रहा है। झुंड से अलग होने के बाद हाथी किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में घरों को भी नुकसान पहुंचाने की जानकारी सामने आई है।

वन विभाग ने संभाला मोर्चा

हाथी के हाईवे पर पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन कर्मचारियों ने हाथी पर नजर रखी और उसे सुरक्षित जंगल की ओर भेजने की कोशिश शुरू की। टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

कटघोरा वनमंडल में करीब 52 हाथी

कटघोरा वनमंडल के अलग-अलग इलाकों में फिलहाल करीब 52 हाथी मौजूद हैं। इनमें कई झुंड के साथ-साथ कुछ अकेले हाथी भी शामिल हैं। वन विभाग ड्रोन और ग्राउंड टीम की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

हाथी दिखे तो वन विभाग को दें सूचना

वनमंडलाधिकारी ने ग्रामीणों और वाहन चालकों से हाथी प्रभावित इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से रात में जंगल के रास्तों पर जाने से बचने, हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है।

Exit mobile version