काठमांडू,एजेंसी। नेपाल हिंसा में 6 दिन से जारी हिंसा में अब तक होटल इंडस्ट्री को 25 अरब नेपाली रुपए (16 अरब भारतीय रुपए) का नुकसान हुआ है। आंदोलनकारियों ने काठमांडू के फेमस हिल्टन होटल समेत कई होटल्स में आगजनी की है।
हिंसा में अब तक मरने वालों का आंकड़ा 51 पहुंच गया है, जबकि 1500 से ज्यादा लोग घायल हैं। विरोध प्रदर्शन के 5वें दिन 17 मौतों की पुष्टि हुई। इनमें गाजियाबाद की रहने वाली एक भारतीय महिला भी शामिल है।
वहीं, केपी शर्मा ओली के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे को 48 घंटे हो गए हैं, लेकिन अभी तक अंतरिम प्रधानमंत्री तय नहीं हो सका है। इसपर बातचीत आज सुबह 9 बजे फिर से शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि सुशीला कार्की का अंतरिम पीएम बनना लगभग तय है।
इससे पहले कल दिनभर चली चर्चा किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भले ही सुशीला कार्की को अंतरिम पीएम बनाने पर लगभग सहमति बन गई है, लेकिन मौजूदा संसद को भंग करने या न करने पर चर्चा रुकी हुई है।
बातचीत में भाग लेने वाले एक अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति पौडेल संसद भंग करने को तैयार नहीं है। हालांकि कार्की ने तर्क दिया है कि पहले संसद को भंग किया जाना चाहिए क्योंकि संविधान के अनुसार संसद कायम रहते हुए किसी गैर-सांसद (जो संसद का सदस्य न हो) को प्रधानमंत्री नहीं बनाया जा सकता।
नेपाल से जुड़े शुक्रवार के 10 बड़े अपडेट्स
- सुशीला कार्की को अंतरिम पीएम बनाने पर बातचीत अंतिम चरण में है; उन्हें मेयर बालेन शाह का समर्थन भी मिला है।
- गुरुवार की बैठक में सहमति नहीं बन पाई, क्योंकि एक गुट ने कुलमन घीसिंग का नाम प्रस्तावित किया।
- आज सेना और Gen-Z के बीच बैठक का दूसरा दौर जारी, जिसमें अंतरिम सरकार और संसद भंग करने पर चर्चा होगी।
- काठमांडू में हालात सामान्य होने लगे हैं। सेना गश्त कर रही है, दुकानें खुलीं और मलबा साफ किया जा रहा है।
- भारत ने विशेष उड़ानों से नागरिकों को निकालना शुरू किया; आंध्र प्रदेश के 140 लोग सुरक्षित लौटे।
- कई भारतीय सोनौली और पानीटंकी जैसे बॉर्डर से भी वापस आ रहे हैं।
- दिल्ली-काठमांडू बस नेपाल में फंसी है, वहीं अयोध्या के 8 यात्री हिलसा में अटके हैं।
- भारतीय वॉलीबॉल टीम को भारतीय दूतावास ने बचाया; मेंबर उपासना गिल की वीडियो अपील वायरल हुई थी।
- एसएसबी ने नेपाल की जेल से भागे 67 कैदियों को भारत में घुसने से पकड़ा।
- गाजियाबाद की राजेश गोला की होटल आगजनी में मौत, होटल कारोबार 50% गिरा, जरूरी सामान महंगे हुए।
सिंह दरबार में नया पीएम ऑफिस तैयार
नेपाल के सिंह दरबार में नया पीएम ऑफिस तैयार कर दिया गया है। यह ऑफिस होम मिनिस्ट्री के लिए बनाई गई बिल्डिंग में तैयार किया गया। दो दिन पहले प्रदर्शनकारियों ने सिंह दरबार कॉम्पलेक्स की मुख्य बिल्डिंग में आग लगा दी थी, इस वजह से नया ऑफिस होम मिनिस्ट्री की बिल्डिंग में बनाया गया।

नेपाल में होटल इंडस्ट्री को 16 अरब रुपए का नुकसान
नेपाल में हिंसक आंदोलन की वजह से होटल इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में करीब 20-25 होटलों को तोड़ा गया, लूटा गया या आग लगा दी गई। इससे होटल इंडस्ट्री को 25 अरब नेपाली रुपए (16 अरब भारतीय रुपए) से ज्यादा का नुकसान हुआ।
खासकर काठमांडू के हिल्टन जैसे बड़े होटल को निशाना बनाया गया, जो हाल ही में खुला था। नेपाल की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर बहुत निर्भर है। इन प्रदर्शनों में 51 लोग मारे गए और 1500 से ज्यादा घायल हुए हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर आवाजाही शुरू
नेपाल के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू में ढील मिलने के बाद भारत-नेपाल की खुली सीमा के कई चेक पॉइंट्स से लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर सतर्कता बढ़ाई गई है और संकटग्रस्त लोगों की मदद के लिए सशस्त्र सीमा बल ने हेल्प डेस्क भी शुरू किया है।
51 मृतकों में से 30 की मौत गोली लगने से हुई
नेपाल स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब तक मारे गए 51 लोगों में से 30 की जान गोली लगने से गई है।
बाकी 21 की मौत जलने, घाव और अन्य चोटों से हुई। मरने वालों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
