बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर के तीन कारोबारियों से हैदराबाद के डियाब्लो रेस्टोरेंट और पब में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने के नाम पर 3 करोड़ 42 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर ने कारोबारियों से पार्टनर बनाने का समझौता किया और किस्तों में पैसे ले लिए। लेकिन न तो उन्हें कंपनी में पार्टनर बनाया और न ही निवेश की जानकारी दी। शिकायत के बाद तारबाहर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।
लिंक रोड के शिखर सराफ (38) ने पुलिस को बताया कि साल 2022 में बिलासपुर में गायक सुखविंदर सिंह का कार्यक्रम हुआ था। इसी दौरान उनकी मुलाकात लेडीज सर्कल इंडिया की सदस्य शेषम कौर से उनके घर पर हुई। बातचीत के दौरान शेषम ने हैदराबाद में प्राशी वेंचर्स एलएलपी के तहत डियाब्लो पब शुरू करने की जानकारी दी।
इसके बाद शेषम कौर और जयवीर सिंह सभरवाल ने खुद को कंपनी का अधिकृत पार्टनर बताते हुए शिखर सराफ और उनके साथी रितेश शाह को पब में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का ऑफर दिया। दोनों कारोबारी इस नए बिजनेस में पैसा लगाने के लिए तैयार हो गए।
एग्रीमेंट कर किस्तों में लिए 3.42 करोड़ रुपए
शिकायत के मुताबिक, 10 जनवरी 2025 को दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट हुआ। इसके बाद तीन कारोबारियों ने किस्तों में कंपनी के हैदराबाद स्थित खाते में RTGS के जरिए रकम ट्रांसफर की।
इसमें शिखर सराफ ने 1 करोड़ 45 लाख रुपए, रितेश शाह ने 1 करोड़ 35 लाख रुपए और रितेश के साले सक्षम श्रीवास्तव ने 62 लाख 50 हजार रुपए दिए। इस तरह तीनों ने कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपए निवेश किए।
न पार्टनर बनाया, न हिसाब दिया
आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने तीनों कारोबारियों को कंपनी में आधिकारिक तौर पर पार्टनर नहीं बनाया। उन्हें निवेश से जुड़ा हिसाब-किताब भी नहीं दिया गया। इस पर कारोबारियों ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई।
जांच करने पर उन्हें पता चला कि कंपनी के बाकी पांच पार्टनरों की सहमति के बिना ही उनके साथ हिस्सेदारी का समझौता किया गया था। आरोपियों ने निवेश के नाम पर रकम तो ले ली, लेकिन उन्हें कंपनी में कोई अधिकार नहीं दिया।
किराया नहीं देने पर बंद हो गया पब
कारोबारियों को यह भी पता चला कि जिस डियाब्लो पब में उन्हें हिस्सेदारी देने का वादा किया गया था, वह किराया नहीं चुकाने के कारण कुछ समय बाद बंद हो गया।
आरोप है कि आरोपियों ने कंपनी के आधिकारिक खाते के बजाय अपने पर्सनल QR कोड के जरिए भी पैसे वसूले। निवेशकों से मिली रकम को पब में लगाने के बजाय दूसरे रेस्टोरेंट प्रोजेक्ट में लगा दिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
मामले की शिकायत मिलने के बाद तारबाहर पुलिस ने जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस अब पैसों के लेन-देन और कंपनी के खातों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि निवेश के नाम पर ली गई रकम कहां खर्च की गई।

