DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पंचमी में श्रद्धा का सैलाब पहुंचा माँ सर्वमंगला देवी मंदिर

माँ सर्वमंगला देवी का पूजन हुआ माँ स्कंदमाता के रूप में
कोरबा।
सभी की मंगल करने वाली, सभी को सिद्धि देने वाली माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में आज पंचमी को श्रद्धा का सैलाब देखने को मिला। माता के श्रीचरणों में आशीर्वाद प्राप्त करने आज सुबह से ही खुशनुमा मौसम में श्रद्धालु माँ सर्वमंगला देवी मंदिर पहुंचे और शाम तक यह सिलसिला जारी रहा। संध्या 07.00 बजे माँ सर्वमंगला देवी की महाआरती में भी सैकड़ों लोग शामिल हुए। मंदिर का हाल जहां खचाखच भरा था, वहीं मंदिर परिसर में भी रहकर लोग आरती में शामिल हुए।


मंदिर प्रबंधन परिवार ने भोग के रूप में केला अर्पण किया

आज पंचमी को माँ स्कंदमाता के रूप में माँ सर्वमंगला देवी का पूजन किया गया और दोपहर 12.00 बजे मंदिर प्रबंधन परिवार ने भोग के रूप में केला और अन्य फल अर्पण किया। माँ स्कंदमाता को केला भोग के रूप में अतिप्रिय है। माँ स्कंदमाता की पूजा करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है और भक्तों का जीवन सुखमय दीर्घायु होता है।
आरती से सकारात्मक ऊर्जा का संचार, मानसिक शुद्धि- पंडित नमन पाण्डेय


माँ सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) ने बताया कि किसी भी देवी-देवता का पूजन तभी पूर्ण माना जाता है जब उसकी आरती भी की जाती है। आरती से भक्त और मातारानी के बीच संबंध मजबूत होते हैं। नकारात्मक ऊर्जा का विनाश होता है और पर्यावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आरती से भक्त का मानसिक और आध्यात्मिक शक्ति पुष्ट होती है और मन में सकारात्मक भाव पैदा होता है। मंदिर के साथ-साथ प्रत्येक व्यक्ति को रोजाना सुबह-शाम घर में भी आरती करनी चाहिए, इससे घर का कलह दूर होता है और जीवन में सौभाग्य की प्राप्ति होती है। आरती से दुष्टों से लड़ने की शक्ति मिलती है और घर में शांति बनी रहती है।

Exit mobile version