DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पाली में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई माँ शाकंभरी जयंती

कोरबा/पाली। पाली में पटेल समाज की आराध्य देवी माँ शाकंभरी की जयंती बड़े ही श्रद्धा, आस्था और धूमधाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जो पाली के शिव मंदिर से प्रारंभ होकर अटल चौक, बाजार मोहल्ला, गांधी चौक होते हुए पुरानी पानी टंकी स्थित शाकंभरी मंदिर में संपन्न हुई। कलश यात्रा में पटेल समाज की महिलाएं एवं पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर उन्हें गोभी, मिर्च, मटर व भाटा की मालाओं से सजाया। यात्रा के दौरान “माँ शाकंभरी की जय”, “जय पटेल, जय मरार” के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा और नगर भ्रमण किया गया। इसके पश्चात शाकंभरी मंदिर में माँ शाकंभरी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

जयंती समारोह में ग्राम के विभिन्न समाजों के प्रमुखों ने माँ शाकंभरी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पौष पूर्णिमा के दिन मानव कल्याण हेतु माँ शाकंभरी ने अवतार लिया था। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार, एक समय पृथ्वी पर सौ वर्षों तक वर्षा न होने से भयंकर अकाल पड़ गया था, जिससे जीव-जंतु, पेड़-पौधे नष्ट होने लगे। तब ऋषि-मुनियों के आह्वान पर माँ भगवती ने पौष पूर्णिमा के दिन शाकंभरी रूप में अवतार लेकर वर्षा की और धरती पर पुनः जीवन का संचार किया। इसी स्मृति में प्रतिवर्ष पौष पूर्णिमा को शाकंभरी जयंती मनाई जाती है।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को खीर, केला एवं खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में पटेल समाज की महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, पार्षद अनित पटेल, आशा समीन पटेल, सुनील साहू, मुकेश कौशिक, पुनीराम पटेल, दीपक शर्मा, सावित्री श्रीवास, चमेली सोनी, बली प्रजापति, रामनारायण पटेल सहित पटेल समाज पाली के अध्यक्ष गोविंदराम पटेल, मनोहर पटेल, फागराम पटेल, दशरथ पटेल, सुशील पटेल, पियारे राम पटेल, सनत पटेल, मनोज पटेल, पंचराम पटेल, नंदू पटेल, श्याम पटेल, अनुज पटेल, नारायण पटेल, महादेव पटेल, परसराम पटेल एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version