रायपुर, एजेंसी। श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन करेगा। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 5-5 ट्रिप लगाएगी।
हर शनिवार इतवारी से, हर रविवार मधुपुर से चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 08895 हर शनिवार (1, 8, 15, 22 और 29 अगस्त) को सुबह 4:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से रवाना होगी। ट्रेन गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर समेत कई स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 6 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 08896 हर रविवार (2, 9, 16, 23 और 30 अगस्त) को सुबह 9 बजे मधुपुर से चलेगी और अगले दिन 11:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पहुंचेगी। वापसी में भी ट्रेन रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
20 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के मुताबिक इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 4 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज एवं दिव्यांगजन) कोच शामिल रहेंगे।
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि श्रावणी मेला के दौरान यात्रा की प्लानिंग पहले से करें और इस स्पेशल ट्रेन का फायदा उठाएं। यात्रा से पहले ट्रेन का टाइम-टेबल और स्टॉपेज रेलवे के अधिकृत माध्यमों से जरूर चेक करें, ताकि सफर आसान और सुविधाजनक रहे।
