दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है। बाइक से जा रहे प्रॉपर्टी डीलर को पहले बेसबॉल के डंडे से हमला कर गिराया गया।

इसके बाद चाकू, कटर और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए गए। पीड़ित के पैर और गर्दन पर 8 से 10 वार किए गए हैं। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। इस मामले में भिलाई नगर पुलिस ने प्रखर चंद्राकर, हरीश यादव और अमन मूर्ति के खिलाफ हत्या केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रखर चंद्राकर को रायपुर पुलिस ने किया था गिरफ्तार।
भागते हुए आगे बढ़ा तो बाइक के पहिए में डंडा फंसा कर गिराया
पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर योगेश सूर्यवंशी (32) ने बताया कि, 2 जुलाई की रात करीब 11.30 बजे वे सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर रिसाली की ओर लौट रहे थे। जब वे डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से पल्सर बाइक पर आए युवकों ने उनके सिर पर बेसबॉल के डंडे से हमला कर दिया।
किसी तरह बाइक वो संभालकर आगे बढ़ा, लेकिन आरोपियों ने फिर उनका पीछा किया और बाइक के पहिए में डंडा फंसा दिया। इससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद हरीश यादव ने किसी धारदार हथियार से उनके गले के पास हमला किया। जब वे जान बचाकर भागने लगे तो प्रखर चंद्राकर और अमन मूर्ति ने उन्हें पकड़ लिया।
एफआईआर के अनुसार, अमन मूर्ति ने गर्दन के पास चाकू से वार किए, जबकि प्रखर चंद्राकर ने कटर और बटनदार चाकू से दोनों पैरों पर लगातार 8 से 10 वार किए। हमले में योगेश लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
इसी दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने घायल योगेश को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है।
भिलाई नगर पुलिस ने दर्ज किया केस
योगेश ने पुलिस को बताया कि, पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनकी हत्या करने की नीयत से हमला किया। उनकी शिकायत के आधार पर पहले नेवई थाना में जीरो नंबर पर केस दर्ज किया गया। इसके बाद मामला भिलाई नगर थाना भेजा गया, जहां आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
सुपेला पुलिस भी प्रखर चंद्राकर को पुराने मामले में कर चुकी है गिरफ्तार। फाइल फोटो
सट्टा एप से जुड़ा है प्रखर चंद्राकर का नाम, लगातार कर रहा गुंडागर्दी
यह पहला मामला नहीं है, जब प्रखर चंद्राकर का नाम हिंसक वारदात में सामने आया हो। करीब 9 महीने पहले रायपुर के तेलीबांधा स्थित जूक क्लब में भी उस पर दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा था। उस मामले में प्रखर चंद्राकर, पुलकित चंद्राकर और उनके साथियों ने मारपीट की थी।
वीडियो में मारपीट के बाद आरोपी डांस करते हुए भी दिखाई दिए थे। इससे पहले भी भिलाई सुपेला पुलिस प्रखर चंद्राकर को मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। 18 मई को सुपेला थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे युवकों के साथ मारपीट हुई थी।
शिकायतकर्ता सौरभ वर्मा ने पुलिस को बताया था कि, उनके दोस्त आयुष पर डंडे से हमला किया था। जांच के बाद पुलिस ने प्रखर चंद्राकर को भिलाई नगर के घड़ी चौक से गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ मारपीट और धमकी समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े मिले थे सुराग
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस की जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े कई अहम तथ्य भी सामने आए थे। पुलिस के अनुसार प्रखर चंद्राकर ऑनलाइन गेम, क्रिकेट मैच, ताश और अन्य माध्यमों से सट्टेबाजी से जुड़े ट्रांजैक्शन करता था। उसके मोबाइल से कई संदिग्ध ऐप और लेनदेन की जानकारी मिली थी।
भिलाई नगर सीएसपी ने उस समय बताया था कि, जांच में करीब 60 लाख रुपए के लेनदेन के सुराग मिले थे। पुलिस को प्रखर और पुलकित चंद्राकर के बीच बातचीत के ऑडियो भी मिले थे।
जांच में यह भी सामने आया था कि दोनों ने कथित तौर पर किराये पर लिए गए म्यूल बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी की रकम इधर-उधर करने का काम किया। पुलिस ने मामले में एक कार और सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी जब्त किए थे।
