रायपुर/जयपुर,एजेंसी। जयपुर के आलीशान फेयर माउंट होटल में रायपुर ED की टीम ने छापेमारी की। होटल में महादेव बेटिंग ऐप के लाइजनर सौरभ आहूजा शादी कर रहा था, जिसमें बॉलीवुड कलाकार समेत सैकड़ों मेहमान जुटे थे। ED रेड की भनक सौरभ को जैसे लगी, वह मंडप और दुल्हन को छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक ED की टीम ने एक कारोबारी को दिल्ली से, जबकि सौरभ के सहयोगी प्रणवेंद्र समेत 3 को जयपुर से गिरफ्तार किया है। ED की टीम ने सट्टा सिंडिकेट के लोगों के मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए हैं। 4 जुलाई को सभी रायपुर ED दफ्तर में पेश होंगे। सभी को समन जारी किया गया है।
ED के मुताबिक शादी में भिलाई से लगभग 100 खास मेहमान जयपुर पहुंचे थे। इनमें राइस मिलर्स, मेडिकल स्टोर संचालक, सराफा और ऑयल कारोबारी शामिल थे। हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। सौरभ की शादी में आए मेहमानों से, दुल्हन और वर-वधू पक्ष से भी पूछताछ की।
ED सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शादी के लिए जयपुर के होटल के 120 कमरे बुक किए गए थे। हर कमरे एक रात का किराया 20 हजार रुपए है। 3 दिनों तक सभी कमरे बुक रहे। इंडियन और विदेशी डिश मेहमानों को परोसी गई।
3 महीने पहले जयपुर में सोडाला स्थित एपल रेजीडेंसी में व्यापारी के फ्लैट पर ईडी ने छापा मारा था।
संगीत में बॉलीवुड सिंगर ने दी थी परफॉर्मेंस
ED के अधिकारियाें ने बताया, कि सौरभ आहूजा की शादी के कार्यक्रम 29 जून से होटल में चल रहे थे। 29 जून को संगीत कार्यक्रम का आयोजन सौरभ और उसके साथियों द्वारा किया गया था। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड के आर्टिस्टों ने परफॉर्मेंस दी थी।
इसमें बॉलीवुड सिंगर मधुर शर्मा और दूसरे कलाकारों ने लाइव परफॉर्मेंस दी है। इन सभी खर्चों को मिलाकर करीब 5 से 6 करोड़ रुपए शादी में खर्च किए गए हैं। 30 जून को शादी कॉर्निवल शुरू हुआ, जिसमें पूल पार्टी और शराब पार्टी का आयोजन किया गया।
1 जुलाई को गुरुद्वारे में सौरभ और उसकी मंगेतर की शादी हुई। शादी के दौरान ED की रेड की जानकारी सौरभ आहूजा और उसके दोस्तों को मिली। रेड की जानकारी मिलते ही आरोपी ने जल्दी शादी की और ED की टीम को चकमा देकर फरार हो गया। शादी में दुबई से भी आकर कुछ लोगों के शामिल होने का हल्ला है, लेकिन ED के अफसरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
ED के अफसरों ने मददगारों को पकड़ा
ED की टीम को सौरभ आहूजा के फरार होने की जानकारी जैसे मिली, तत्काल सौरभ के 3 मददगारों को पकड़ लिया। इन्होंने सौरभ की शादी का पूरा इंतजार किया था। पूछताछ के लिए ED के अफसर प्रणवेंद्र समेत 2 मददगारों को लेकर रायपुर आई है।
फेयर माउंट होटल में महादेव बुक के लाइजनर सौरभ आहूजा राजशाही शादी कर रहा था। यहीं ED की टीम ने छापेमारी की थी।
अब जानिए कार्रवाई को लेकर अपडेट
दरअसल, छत्तीसगढ़ के रायपुर की ED टीम को महादेव बेटिंग ऐप मामले के आरोपियों के फेयर माउंट होटल में रुके होने की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर ईडी की टीम ने होटल में दबिश देकर छापेमारी की। ED के अनुसार इस केस में वांटेड सौरभ आहूजा जयपुर में चोरी छिपे शादी कर रहा था।
ED चाहती थी कि सौरभ को फेरे होने के बाद पकड़ा जाए। इस वजह से बुधवार सुबह रेड की। उधर, सौरभ को पता लग गया था कि ईडी उसे पकड़ने पहुंच चुकी है। ऐसे में वो होटल से फरार हो गया।
कौन है सौरभ आहूजा?
भोपाल से जुड़ी सौरभ आहूजा फैमिली ने रायपुर से जुड़े मुख्य आरोपी की दुबई में हुई शादी पार्टी में प्लेन बुक करने में भूमिका अदा की थी। विशेष प्लेन से गेस्ट को दुबई ले जाया गया था।
भोपाल की रेड में सौरभ का नाम आया था सामने
भिलाई निवासी सौरभ आहूजा का नाम पहली बार ED की रेड में 15 सितंबर 2023 को सामने आया था। ED के अफसरों ने भोपाल के ईदगाह हिल्स स्थित विशाल आहूजा और धीरज आहूजा के ठिकानों पर रेड की थी।
विशाल और धीरज आहूजा महादेव बुक के सभी कर्मचारियों, प्रमोटर्स, मेहमानों के टिकट और वीजा की व्यवस्था करते थे। इन कामों के अलावा दोनों लाइजनिंग भी करते थे। सौरभ आहूजा विशाल और धीरज का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
अब समझे क्यों चुना जयपुर का होटल
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में रहने वाले महादेव बुक के कर्मचारियों पर ED की नजर है। जयपुर का फेयर मोंट होटल आलीशान है। डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए मशहूर है। यहां पर राजशाही पैटर्न पर शादी करवाई जाती है।
ED के एक्शन से बचने के लिए सौरभ ने डेस्टिनेशन वेडिंग का तरीका चुना और इसके लिए अपने तीन सबसे करीबी साथियों की मदद ली। सौरभ आहूजा का पूरा कार्यक्रम इन तीन साथियों ने होटल में बुक करवाया। इस होटल में सभी इंतजामों को किया गया।
