DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महंत बोले-चमचे किसी को CM..किसी को PCC चीफ बनाते हैं:जिलाध्यक्षों से कहा-अपने-अपने चमचों को संभालकर रखें, चौबे ने कहा था-भूपेश करें कांग्रेस का नेतृत्व

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने रायपुर में कहा था कि प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व अब भूपेश बघेल को करना चाहिए। इस पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने उन्हें महाज्ञानी बताया था। अब नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी हमारी नहीं चमचों की गलती है।

महंत ने राजीव भवन में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ की रणनीति मीटिंग में कांग्रेस जिला अध्यक्षों से कहा कि मैंने समझाइश में जरूर बोला है कि बातें बाहर जा रही हैं। इस तरह की बयानबाजी हमारी नहीं चमचों की गलती है। चमचे किसी को मुख्यमंत्री तो किसी को प्रदेश अध्यक्ष बनाते हैं। सभी जिलाध्यक्ष और नेता अपने-अपने चमचों को संभालकर रखें।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत।

कांग्रेस जिला अध्यक्षों की हुई बैठक

इस दौरान दीपक बैज ने बताया कि जिला अध्यक्षों की मीटिंग ली गई है। बैठक में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान को लेकर रणनीति बनाने चर्चा हुई। कांग्रेस गांव-गांव तक जाएगी, जहां नुक्कड़ नाटक करेंगे। पोस्टर अभियान चलाएंगे। बस्तर से लेकर सरगुजा, मोहला मानपुर से रायपुर चारों ओर अभियान चलाएंगे।

दीपक बैज ने कहा कि, 9 सितंबर को बिलासपुर में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ प्रदेश स्तरीय अभियान की शुरुआत होगी। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे के बयान की चर्चा हुई क्या के सवाल पर कहा कि हमारी बैठक की बातें आप लोगों (मीडिया) को कहां से पता चल रही है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने राजीव भवन में बुधवार को जिला अध्यक्षों की बैठक ली।

अब जानिए बैठक में किन बिंदुओं पर चर्चा हुई ?

  • ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान: कांग्रेस ने प्रदेशभर में इस अभियान को बड़ा आंदोलन बनाने की योजना बनाई है। जिलों से अब तक हुए कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों पर रिपोर्ट ली जा रही है। साथ ही आगे इसे और आक्रामक ढंग से चलाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
  • ब्लॉक, मंडल और सेक्टर कमेटियों की समीक्षा: संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत बूथ से लेकर ब्लॉक स्तर तक समिति गठन की स्थिति का बिंदुवार आकलन किया गया। जिन जिलों में गठन अधूरा है, वहां जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
  • धरना-प्रदर्शन के प्रतिवेदन: कृषि संकट, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और जनहित के अन्य मुद्दों को लेकर हाल ही में जिलों में हुए धरना-प्रदर्शन की समीक्षा की गई। कांग्रेस नेतृत्व ने संबंधित जिलाध्यक्षों से इन आंदोलनों का प्रतिवेदन मांगा है, ताकि आगे की रणनीति तय हो सके।

अब जानिए रविंद्र चौबे क्या बोले थे, जिस पर मचा बवाल ?

छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने पूर्व CM भूपेश बघेल के जन्मदिन पर कहा था कि जनता की इच्छा है कि कांग्रेस का नेतृत्व भूपेश बघेल करें। आने वाले समय में भी वही करें। अगली लड़ाई भाजपा की सरकार के कुशासन और मोदी की गारंटी से है। यह ताकत सिर्फ भूपेश बघेल में है।

बैज ने पूर्व मंत्री को बताया था महाज्ञानी नेता

रविंद्र चौबे के बयान पर PCC दीपक बैज ने कहा कि वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाज्ञानी नेता हैं। अगर यह उनका बयान है, तो उनका निजी बयान है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि कांग्रेस कलेक्टिव लीडरशिप के साथ जनहित के मुद्दों पर ही लड़ाई लड़ेगी और दोबारा सरकार बनाएगी।

Exit mobile version