पुणे,एजेंसी। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने कहा- केरल मिनी पाकिस्तान है। राहुल और प्रियंका गांधी मुस्लिमों की वजह से वहां से चुनाव जीतते हैं।
राणे ने रविवार को पुणे जिले के पुरंदर की रैली में कहा- राहुल-प्रियंका को सभी आतंकवादी वोट देते हैं। यह सच है, आप पूछ सकते हैं। वे आतंकवादियों को अपने साथ लेकर सांसद बने हैं।
राणे ने कहा- राहुल और प्रियंका के चुनाव जीतने पर जो भी कहा वो वायनाड के भाजपा नेताओं ने भी कहा। आप किसी से भी पूछ सकते हैं। राहुल-प्रियंका का समर्थन करने वाले लोग कौन हैं? कौन से संगठन उनका समर्थन करते हैं? क्या कांग्रेस सामने आकर कह सकती है कि हम गलत हैं? क्या वे कह सकते हैं कि चुनावों में राहुल और प्रियंका का एक भी आतंकवादी संगठन ने समर्थन नहीं किया? हम और सबूत देंगे। मैंने जो कुछ भी कहा वह तथ्यों पर आधारित था। विपक्ष की प्रतिक्रिया के बाद राणे ने कहा कि केरल भारत का अभिन्न हिस्सा है। वह केवल केरल और पाकिस्तान में हिंदुओं के साथ हो रहे व्यवहार की तुलना कर रहे थे। बीते दिनों वहां 12 हजार हिंदू महिलाओं का धर्मांतरण रोका गया था।
कांग्रेस ने नितेश को मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग की
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंधे पाटिल ने पीएम नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से नितेश को मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राणे से और क्या उम्मीद की जा सकती है? उन्हें यही करने के लिए चुना गया है।
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि यदि केरल पाकिस्तान है तो केंद्र सरकार क्या कर रही है? पूर्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने कहा कि भाजपा नेता कुछ नहीं कर सकते इसलिए हिंदु-मुस्लिम, भारत-पाकिस्तान का मुद्दा उठाते रहते हैं।
