DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महासप्तमी पर महासंयोग:सौभाग्य की कामनाएं लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे माँ सर्वमंगला देवी मंदिर

कोरबा। शारदीय क्वांर नवरात्रि में आज महासप्तमी पर महासंयोग रहा और सौभाग्य की कामनाओं को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ सर्वमंगला देवी मंदिर पहुंचकर माँ कालरात्रि स्वरूप की विधि विधान से पूजा अर्चना की।
सुबह से देर शाम तक लोगों की भीड़ देखी गई और श्रद्धा भाव के साथ माँ सर्वमंगला देवी का दर्शनलाभ लिया।
आज महासप्तमी पर सौभाग्य योग-नन्हा पाण्डेय


माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के राजपुरोहित नन्हा महराज (नमन पाण्डेय) ने बताया कि सप्तमी पर सौभाग्य योग बन रहा और आज निशा पूजा (रात्रि पूजा) का विशेष महत्व होता है और माँ कालरात्रि प्रसन्न होती हैं। सनातन धर्म में महासप्तमी तिथि का काफी महत्व होता है और रात्रि पूजन से माँ कालरात्रि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। माँ कालरात्रि की पूजा से साधक को सुख और सौभाग्य की प्राप्ति होती है, वहीं माँ कालरात्रि की पूजा से जीवन में भय का नाश होता है और शत्रुओं पर विजय प्राप्ति होती है।
महाअष्टमी पर माँ सर्वमंगला में रहेगी अभूतपूर्व भीड़:कल महागौरी की होगी पूजा


कल मंगलवार होने एवं महाअष्टमी पर माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ होगी। मंगलवार को शक्ति उपासना का दिन होने के कारण एवं दुकानें बंद होने के कारण व्यापारी वर्ग भी बड़ी संख्या में मातारानी के दरबार पहुंचेंगे।
कल महागौरी की पूजा होगी। माता महागौरी धन, सौभाग्य एवं स्वास्थ्य की देवी मानी जाती हैं और महागौरी की पूजा करने से घर में सौभाग्य का वास होता है, वहीं महागौरी की पूजा से घर में कभी दरिद्रता नहीं आती।
कल होगा ज्योति कलश का हवन
कल अष्टमी की शाम को ज्योति कलश का हवन किया जाएगा, वहीं 01 अक्टूबर 2025 को जवारा कलश का विसर्जन, पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा, कपिलातर्पण, सजियादान किया जाएगा और इसके साथ ही शारदीय नवरात्रि पर विराम लग जाएगा।

Exit mobile version