हर माह मिल रही एक हजार की सहायता से सुनीता हुई आत्मनिर्भर, बेटी के बेहतर पोषण में लगा रही राशि
समय से पहले जन्मी बेटी के पोषण में महतारी वंदन की राशि बनी सहारारू- श्रीमती सुनीता नेताम
कोरबा 25 सितम्बर 2026। परिवार में नन्हीं किलकारी गूंजने की खुशी के साथ मां की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। नवजात के पोषण, देखभाल और घर की आवश्यकताओं के बीच आर्थिक सहयोग परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनता है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने कसियाडीह निवासी श्रीमती सुनीता नेताम को ऐसी ही परिस्थितियों में संबल दिया। योजना के तहत हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से उन्होंने अपनी बच्ची के पोषण और घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग प्राप्त किया।
श्रीमती सुनीता नेताम ने बताया कि उन्होंने जनवरी 2024 में महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन किया था। पात्रता परीक्षण के बाद उन्हें योजना का लाभ मिलना शुरू हुआ और हर माह एक हजार रुपये की राशि उनके बैंक खाते में आने लगी। कुछ माह बाद जब वे गर्भवती हुईं, तब इस आर्थिक सहायता का महत्व उनके लिए और बढ़ गया।
गर्भावस्था के सातवें माह में ही समय से पूर्व उनकी बच्ची का जन्म हुआ। जन्म के समय बच्ची का वजन 1.6 किलोग्राम था। ऐसे समय में बच्ची की विशेष देखभाल और पोषण पर अधिक ध्यान देना आवश्यक था। सुनीता ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग बच्ची के पोषण आहार और उसके स्वस्थ विकास से जुड़ी आवश्यकताओं में किया। नियमित आर्थिक सहायता से बच्ची की देखभाल के साथ घर की जरूरी जरूरतों को पूरा करने में भी उन्हें सुविधा मिली। लाभार्थी सुनीता ने बताया कि सितम्बर 2026 में उसकी बेटी 8 किलो की हो गई है, और वह पूरी तरह स्वस्थ है।
सुनीता ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि मेरे लिए बहुत उपयोगी रही। मेरी बेटी का जन्म समय से पहले हुआ और उसका वजन भी कम था। उसकी सेहत और पोषण के लिए अतिरिक्त देखभाल की जरूरत थी। योजना से मिली राशि से मैंने उसके पोषण आहार की व्यवस्था की। घर की जरूरी चीजों में भी इस राशि का उपयोग कर पाती हूं। इससे मुझे आर्थिक रूप से काफी सहारा मिला और अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने में आत्मविश्वास बढ़ा।”
उन्होंने महतारी वंदन योजना की सराहना करते हुए कहा कि नियमित रूप से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं को अपनी और परिवार की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा करने में सहयोग दे रही है। सुनीता के लिए योजना की यह राशि अपनी नन्हीं बेटी की देखभाल, पोषण और घरेलू जरूरतों के बीच एक भरोसेमंद आर्थिक सहारा बनी हुई है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित रूप से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं को अपनी और परिवार की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा करने में सहयोग दे रही है। सुनीता के लिए योजना की यह राशि अपनी नन्हीं बेटी की देखभाल, पोषण और घरेलू जरूरतों के बीच एक भरोसेमंद आर्थिक सहारा बनी हुई है
