DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शेयर बाजार में होगा बड़ा बदलाव! लिस्टिंग से पहले खरीद सकेंगे कंपनियों के शेयर, SEBI कर रहा विचार

नई दिल्ली, एजेंसी। सेबी कंपनियों के आईपीओ पेश करने से पहले उनके शेयरों की खरीद-बिक्री के लिए एक अलग एक्सचेंज बनाने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो आईपीओ पेश करने वाली कंपनियों के शेयरों में निवेश और ट्रेडिंग के लिए एक अलग रेगुलेटेड प्लेटफॉर्म उपलब्ध हो सकता है।

IPO से पहले शेयरों की ट्रेडिंग के लिए अलग एक्सचेंज

SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने शनिवार को इस प्रस्ताव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेगुलेटर ऐसी कंपनियों के लिए एक समर्पित प्लेटफॉर्म बनाने की संभावना तलाश रहा है, जो शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही हैं। 

अभी IPO से पहले शेयरों की ट्रेडिंग ग्रे मार्केट में होती है

SEBI के प्रस्तावित प्री-IPO एक्सचेंज का एक बड़ा मकसद अनौपचारिक ग्रे मार्केट का विकल्प तैयार करना है। फिलहाल IPO लाने की तैयारी कर रही कंपनियों के शेयरों की खरीद-बिक्री ग्रे मार्केट में होती है। यह कारोबार स्टॉक एक्सचेंजों के बाहर होता है। IPO से पहले निवेशक ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पर खास नजर रखते हैं।

GMP के जरिए निवेशक यह अंदाजा लगाने की कोशिश करते हैं कि किसी IPO को लेकर बाजार में कितना उत्साह है और उसकी लिस्टिंग किस स्तर पर हो सकती है। हालांकि, GMP के आधार पर लिस्टिंग में मुनाफे की गारंटी नहीं होती। ग्रे मार्केट में होने वाले सौदों पर स्टॉक एक्सचेंजों जैसी नियामकीय निगरानी की व्यवस्था नहीं होती। ऐसे में SEBI का प्रस्तावित प्लेटफॉर्म इस कारोबार को ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने का विकल्प दे सकता है।

अनलिस्टेड शेयरों की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता बढ़ेगी

SEBI का प्रस्तावित एक्सचेंज इस स्थिति को बदल सकता है। इसके जरिए IPO की तैयारी कर रही कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग के लिए एक व्यवस्थित और नियामकीय निगरानी वाला प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा। इससे अनलिस्टेड शेयरों की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता बढ़ेगी। निवेशकों को कंपनियों के IPO से पहले ही उनके शेयरों में निवेश का विकल्प मिल सकता है। शेयरों की मांग और सप्लाई के आधार पर कीमत तय करने में मदद मिल सकती है। SEBI की निगरानी में ट्रेडिंग होने से निवेशकों के हितों की सुरक्षा होगी।

Exit mobile version