कोरबा। नगर निगम ने गणेश पूजा उत्सव के साथ अन्य धार्मिक पर्वों पर मूर्ति विसर्जन के लिए 6 स्थान चिन्हित किए हैं। यहां पर सुरक्षा के लिए बेरिकेटिंग, प्रकाश व्यवस्था भी रहेगी। निर्धारित स्थलों पर कुंड का निर्माण कराया जाएगा जहां आराम से लोग मूर्तियों का विसर्जन कर सकेंगे।
निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इस संबंध में एडीएम देवेंद्र पटेल और एडिशनल एसपी वीके सिंह के साथ बैठक कर चर्चा की। इसके बाद निगम के अधिकारियों को सभी तरह की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निगम क्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मूर्तियों का विसर्जन के लिए हर साल स्थल निर्धारित किया जाता है।
निगम आयुक्त ने कहा है कि समितियां और नागरिक निर्धारित स्थल पर ही मूर्तियों का विसर्जन करें। इसके लिए कोरबा जोन में वार्ड क्रमांक 5एसएलआरएम सेंटर के सामने रेत घाट, टीपी नगर जोन में पंप हाउस नदी के किनारे , कोसाबाड़ी और रविशंकर शुक्ल नगर जोन में ढेंगुरनाला छठ घाट , बालको नगर जोन में बेलगिरी नाला छठ घाट राम मंदिर के पास, दर्री जोन में प्रगति नगर सर्वेश्वर मंदिर के पास और सर्वमंगला नगर जोन में सर्वमंगला मंदिर के पास नदी घाट पर विसर्जन स्थल बनाए गए हैं।
