DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चांपा में युवक के गले पर कत्ता अड़ाकर पैसे लूटे:जान से मारने की दी धमकी, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा साथी फरार

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में दो युवकों ने युवक को रोककर उसके गले पर लोहे का कत्ता अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देकर 400 रुपए लूट लिए। पुलिस ने मामले में आरोपी गौरव साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उसका साथी विनय उर्फ नेपाली फरार है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित राजेश मांझी बिलासपुर जिले का रहने वाला है। वह दीपावली मनाने अपने मामा के घर चांपा आया था। 9 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह अपने बड़े मामा के बेटे लकेश्वर मांझी के साथ साइकिल से कपड़े खरीदने गया था।

कपड़े खरीदकर लौटते समय सुबह करीब 11 बजे दोनों भोजपुर चौक पहुंचे। वहां विनय उर्फ नेपाली अपने साथी गौरव साहू के साथ बाइक से आया और उन्हें रोक लिया। आरोप है कि विनय ने लकेश्वर की मां को लेकर धमकी दी और उसे समझाने की बात कही।

गले पर कत्ता अड़ाकर मांगे पैसे

इसके बाद आरोपियों ने राजेश के गले पर लोहे का कत्ता अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और पैसे मांगे। डर के कारण राजेश ने जेब में रखे 400 रुपए उन्हें दे दिए। इसी दौरान मौके पर 112 पुलिस वाहन आता देखकर दोनों आरोपी भाग निकले।

राजेश ने मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी और चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

रकम बांटकर खर्च कर चुका था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के बाद गौरव साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि दोनों ने लूट की रकम आपस में बांट ली थी और उसने अपने हिस्से के रुपए खर्च कर दिए।

पुलिस ने गौरव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी विनय उर्फ नेपाली की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version