DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा जिले में 11 से 15 नवंबर तक आयोजित होंगी मंडल स्तरीय ‘जनचौपाल संवाद’ बैठकें

‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने कांग्रेस ने बनाई व्यापक कार्ययोजना
कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के निर्देशानुसार देशव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत 11 से 15 नवंबर 2026 तक कोरबा जिले के विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल क्षेत्रों में मंडल स्तरीय ‘जनचौपाल संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों, मतदाताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच संवाद स्थापित कर मतदाता सूची में पारदर्शिता, मताधिकार की सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।
इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा के अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल की उपस्थिति में उनके निवास कार्यालय में जिले के संबंधित ब्लॉक अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल क्षेत्रों में जनचौपाल संवाद आयोजित करने की योजना तैयार की गई। साथ ही प्रत्येक क्षेत्र के लिए कार्यक्रमों के सफल आयोजन की जिम्मेदारियां संबंधित ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों को सौंपी गईं।
बैठक में बताया गया कि इन जनचौपाल संवाद कार्यक्रमों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक नवजोत पटनायक तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कोरबा जिले के प्रभारी नियुक्त पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल भी शामिल होंगे। वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने तथा मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारियों ने अभियान को पूरी गंभीरता, प्रतिबद्धता एवं उत्साह के साथ संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा जनचौपाल संवाद को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की सहमति जताई।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, दर्री ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, बालकोनगर ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, रोपा तिर्की, जवाहर निर्मलकर, इकबाल कुरैशी, पार्षद सुखसागर निर्मलकर, रवि सिंह चंदेल, पूर्व पार्षद रामगोपाल यादव सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की रक्षा और प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण जनअभियान है। इसे सफल बनाने के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ मैदान में उतरेगा।

Exit mobile version