नई दिल्ली,एजेंसी। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। वे 92 साल के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इधर, केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी गई और शोक प्रस्ताव पारित किया गया।
मनमोहन लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।
उनकी अंतिम यात्रा शनिवार 28 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे दिल्ली स्थित AICC (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) मुख्यालय से शुरू होगी। यह जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी।
उन्होंने बताया- शनिवार सुबह 8 बजे डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से AICC मुख्यालय लाया जाएगा, जहां सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे।
देश के पहले सिख पीएम, सबसे लंबे समय इस पद पर रहने वाला चौथे नेता मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे।
मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं।
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने X पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया।
इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे।
मनमोहन का पार्थिव शरीर कल कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। जानकारी के मुताबिक, मनमोहन का अंतिम संस्कार कल होगा। उनकी बेटियां आज शाम तक अमेरिका से भारत आ जाएंगी। अंतिम संस्कार किस जगह होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) करेगा।
मनमोहन सिंह के निधन पर फिल्म इंडस्ट्री में शोक
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। सनी देओल, संजय दत्त, चिरंजीवी समेत कई सेलेब्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी, वहीं स्वरा भास्कर ने मनमोहन सिंह से जुड़ा कॉलेज का किस्सा शेयर किया है। जब उन्होंने अपने ही खिलाफ प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स को सस्पेंड होने से बचाया था।
अंतिम यात्रा कल सुबह 9.30 बजे शुरू होगी
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शनिवार 28 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे दिल्ली स्थित AICC (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) मुख्यालय से शुरू होगी। यह जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी।
उन्होंने बताया- शनिवार सुबह 8 बजे डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से AICC मुख्यालय लाया जाएगा, जहां सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे।
कांग्रेस मुख्यालय पर आज शाम मनमोहन का श्रद्धांजलि दी जाएगी
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी मुख्यालय पर शाम 5.30 बजे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसमें कांग्रेस वर्किंग कमेटी मेंबर्स, विशेष रूप से आमंत्रित सदस्य भी शामिल होंगे।
RSS ने कहा- देश मनमोहन के योगदान को याद रखेगा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत और महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। संयुक्त बयान में उन्होंने कहा कि वे सामान्य परिवार से थे और देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचे। वे विख्यात अर्थशास्त्री थे। उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को सद्गति दें।
ओवैसी बोले- मनमोहन ने मुसलमानों को उठाने का काम किया
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मैं अपनी पार्टी की तरफ से मनमोहन सिंह के परिवार को इस मुश्किल घड़ी में संबल प्रदान करता हूं। मनमोहन सिंह साहब विभाजन के वक्त रिफ्यूजी थे। ईमानदारी और मेहनत से वे तरक्की करते गए। 2004 में वे प्रधानमंत्री बने। वे पहले पीएम थे, जिन्होंने अल्पसंख्यकों खासकर मुस्लिमों को ऊपर उठाने का काम किया।
कोविंद बोले- मनमोहन भारतीय अर्थव्यवस्था के आधुनिक निर्माता थे
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि मनमोहन सिंह का जाना महान देश और मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से क्षति है। मैं उनको बरसों से जानता था। राष्ट्रपति भवन में मेरी उनसे मुलाकात होती थी। वे सौम्यता के प्रतीक थे। वे इंडियन इकोनॉमी के आधुनिक निर्माता थे।
सोनिया, राहुल और प्रियंका ने मनमोहन को श्रद्धांजलि दी
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और अन्य कांग्रेसी नेता मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे।
मनमोहन के पार्थिव शरीर को तिरंगे से लपेटा
सेना के अफसरों ने मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को तिरंगा से लपेटा।
मोदी ने कहा- देशवासियों की तरफ से मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्होंने हर दल के व्यक्ति से संपर्क रखा, सहज उपलब्ध रहे। यहां दिल्ली आने के बाद भी मेरी उनसे बात मुलाकात होती थी। मुझे उनसे हुईं मुलाकातें और चर्चाएं हमेशा याद रहेंगी। इस कठिन घड़ी में उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करता हूं। सभी देशवासियों की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
मोदी बोले- सौम्यता उनके संसदीय जीवन की पहचान बनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह ने वित्तीय संकट से घिरे देश को एक नई अर्थव्यवस्था के मार्ग पर प्रशस्त किया। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। जनता के प्रति देश के विकास के प्रति उनका कमिटमेंट उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा। डॉ. मनमोहन सिंह जी का जीवन, उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रतिबिंब था। उनकी विनम्रता सौम्यता उनके संसदीय जीवन की पहचान बनी।
