प्रसव के बाद बच्चे के पालन-पोषण में मिली आर्थिक मदद, महतारी वंदन योजना का भी मिल रहा लाभ
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026। कोहड़िया के चारपारा निवासी मनतोसी चौहान को श्रम विभाग की असंगठित महतारी जतन योजना के अंतर्गत पहले बच्चे के जन्म पर 20 हजार रुपये की सहायता राशि मिली। इस राशि का उपयोग उन्होंने प्रसव के बाद बच्चे के पालन-पोषण में किया।
मनतोसी चौहान का असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत घरेलू कर्मकार के रूप में पंजीयन है। उनके पति वाहन चालक हैं। मनतोसी ने बताया कि उन्हें श्रम विभाग से योजना की जानकारी मिली थी। योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से उन्हें बच्चे की देखभाल में मदद मिली। साथ ही, उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है।
मनतोसी ने सहायता के लिए श्रम विभाग कोरबा और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि शासन की योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में संबल देती हैं।
असंगठित महतारी जतन योजना से मनतोसी चौहान को मिली 20 हजार रुपये की सहायता
