कोरबा/पाली। मरार पटेल महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल व प्रदेश अध्यक्ष बरत राम पटेल ने मुख्यमंत्री को समाज की मांगों के संबंध में अवगत कराया। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि मरार समाज राज्य की तीसरी सबसे बड़ी आबादी वाला समाज है। इसके बाद भी पर्याप्त राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।

समाज की वर्षों पुरानी मांग रही है कि शाकंभरी बोर्ड में नियुक्ति दी जाए। कृषक कल्याण बोर्ड के साथ अन्य निगम मंडल और संगठन में मरार समाज को प्राथमिकता दिया जाए। नया रायपुर में समाज के लिए भवन या छात्रावास के लिए जमीन का आवंटन किया जाए। जिला मुख्यालय और राजधानी रायपुर के प्रमुख चौक-चौराहों का नामकरण महात्मा ज्योतिबा फुले और प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के नाम पर किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि समाज के करीब 80 प्रतिशत सदस्य 20 से 30 वर्षों से संगठन से जुड़े हुए हैं।
