DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में नाबालिग का विवाह रुकवाया:परिजनों को दिलाई शपथ, बाल विवाह मुक्त अभियान की रैली में 500 से ज्यादा लोग शामिल

कोरबा। कोरबा जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान एक नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना मिली। पुलिस और महिला-बाल विकास विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया। टीम ने परिजनों को समझाइश देकर बाल विवाह नहीं कराने की शपथ भी दिलाई।

बाल विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर जिला प्रशासन, महिला-बाल विकास विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं ने जागरूकता रैली निकाली। इसमें 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। रैली के जरिए लोगों को बताया गया कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। इससे बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास पर असर पड़ता है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

मुखबिर से एक नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विवाह रुकवाया और परिजनों व संबंधित लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में बाल विवाह नहीं कराने की शपथ दिलाई।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों को समझाइश दी गई है।

सभी ग्राम पंचायतों में होंगी विशेष ग्राम सभाएं

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के लोगों से बाल विवाह रोकने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। इससे बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास पर असर पड़ता है। यह उनके अधिकारों और भविष्य को भी प्रभावित करता है।

कलेक्टर ने बताया कि केंद्र सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और छत्तीसगढ़ शासन के बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

Exit mobile version