जांजगीर। थाना अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लूट की घटना 15-16 अक्टूबर 25 की मध्य रात अकलतरा नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज पर हुई थी, जिसने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन के नंबर प्लेट में कीचड़ लगाया था और चेहरे पर नकाब पहन रखे थे। पुलिस के अनुसार रतन नायक निवासी झोपड़िया थाना बिगोर जिला भुलवाड़ा (राजस्थान) ट्रक ड्राइवर है। वह 14 अक्टूबर को चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज से ट्रक क्रमांक आरजे 06जीडी 1505 में माल भरकर हेल्पर सुमीत कंजर के साथ अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ था। 15 अक्टूबर की रात लगभग 12 से 12.30 बजे के बीच अकलतरा हाईवे फ्लाईओवर पर पीछे से एक सफेद स्कॉर्पियो ने ट्रक को रोक लिया।
स्कॉर्पियो से उतरे तीन बदमाशों ने पीड़ित और उसके हेल्पर के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और चाकू व लोहे के रॉड से हमला किया। भयभीत होकर पीड़ित मौके से भाग गया। इस दौरान आरोपियों ने ट्रक में रखे 85,000 रुपए लूट लिए। घटना के संबंध में थाना अकलतरा में धारा 309(4), 296, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। सायबर सेल टीम ने आरोपियों के आने-जाने के संभावित मार्गों पर लगे 150 से अधिक सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले। लगातार तकनीकी विश्लेषण और मेहनत के बाद पुलिस को सफलता मिली और तीनों आरोपियों की पहचान तय की गई। गिरफ्तार आरोपियों में अमन साहू (20), असीफ उर्फ छोटू खान (21) और प्रियांशु गांगुली(21) शामिल हैं। तीनों आरोपी थाना सीपत जिला बिलासपुर के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 12बीएफ 8880, एक नग चाकू, रॉड और लूट की नगदी रकम 10,000 रुपए की जब्ती बनाई गई।
