कोरबा। कोरबा में एक व्यापारी के साथ दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के निहारिका घंटाघर मुख्य मार्ग पर बुधवारी राम मंदिर के पास यह घटना हुई।
पीडीएस ट्रांसपोर्टर शैलेंद्र शर्मा ने दोपहर करीब 12 बजे टीपी नगर स्थित आईडीबीआई बैंक से 2 लाख रुपए निकाले। वह बुधवारी घंटाघर मुख्य मार्ग स्थित एक काम्प्लेक्स में गए। यहां उन्होंने 50 हजार रुपए एक दुकानदार को देने के लिए निकाले। बाकी डेढ़ लाख रुपए कार की डिग्गी में रख दिए।

बदमाशों ने कार का कांच तोड़ा और डिग्गी से पैसे लेकर हुए फरार
इसके महज दो मिनट बाद दो बाइक सवार युवक कार के पास आए। उन्होंने ड्राइवर सीट की तरफ का कांच तोड़ा और डिग्गी से पैसे लेकर फरार हो गए। शैलेंद्र को जब वापस लौटने पर चोरी का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
वारदात सीसीटीवी में कैद
मौके पर मानिकपुर चौकी, सिविल लाइन थाना और सीएसईबी चौकी की पुलिस पहुंची। घटनास्थल के सामने एक घर में लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि बाइक चला रहे युवक ने नकाब पहना था और पीछे बैठे युवक ने हेलमेट लगाया था।
शैलेंद्र का कहना है कि दोनों युवक बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
