DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में होटल में लगी भीषण आग:3 गैस सिलेंडर बाहर निकाले गए, कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने बुझाई आग

कोरबा। कोरबा के रविशंकर स्थित बस स्टॉप के पास मून बिरयानी सेंटर में देर रात करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना रखील रवि ने वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान को फोन पर दी, जिसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए थे। पिछले कुछ सालों से इस दुकान में चिकन बिरयानी का संचालन किया जाता है। दुकान संचालक नीरा सिंह को घटना की जानकारी दी गई।

इसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग और 112 को सूचना दी गई। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की सूझबूझ से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था।

समय रहते बाहर निकाले गए गैस सिलेंडर

दुकान के अंदर रखे तीन भरे हुए गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पार्षद अब्दुल रहमान ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही मानिकपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। दुकान के ठीक बगल में एक ट्रांसफार्मर स्थित था, लेकिन स्थानीय लोगों ने समय रहते पावर सप्लाई बंद कर दी, जिससे बड़ी अनहोनी होने से बच गई।

दुकान का सामान जलकर खाक

इस आगजनी की घटना में दुकान के अंदर रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फ्रिज सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गए और दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

Exit mobile version