DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

साकेत में महापौर संजूदेवी ने फहराया तिरंगा, एक पेड़ मां के नाम किया पौधरोपण

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह नगर निगम साकेत भवन में महापौर संजूदेवी राजपूत ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा पूरे सम्मान और उत्साह के साथ फहराया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित निगम के पार्षद, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के बाद महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, जिसे ऊंचा रखना हर भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया। वहीं, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि हमें देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों से वातावरण देशप्रेम की भावना से सराबोर हो गया। उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारत की प्रगति एवं समृद्धि के लिए संकल्प लिया।
एक पेड़ मां के नाम के तहत किया पौधरोपण


ध्वजारोहण के बाद महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत सहित उपस्थित अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत एक-एक पौधा रोपित किया। अपने संदेश में महापौर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा अवश्य लगाएं और धरती मां का हरित श्रंृगार करें।

Exit mobile version