भाजपा नेता ज्ञानसिंह ने सौंपा ज्ञापन, कहा- डॉ. अनिल सराफ के नेतृत्व में चिकित्सा व्यवस्था का बंटाधार
राजपाल ने कहा 50 बिस्तर की स्वीकृति मिलने के बाद भी काम आगे नहीं बढ़ा
21 अतिरिक्त पद के लिए भी अवर सचिव ने दे दी है स्वीकृति
कोरबा/पाली। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाली क्षेत्र के लिए एक मात्र संजीवनी के रूप में लोगों की आस का केन्द्र है। विकास खण्ड चिकित्सा अधिकारी के रूप में बेहतर सेवा देने वाले डाक्टर सी एल रात्रे के स्थानांतरण के बाद व्यवस्था के तहत सीएचएमओ ने पूर्व बीएमओ डाक्टर अनिल सराफ को फिर से बीएमओ का पदभार दे दिया। बीएमओ के रूप में पदभार संभालते हुए डाक्टर अनिल सराफ विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं।
उन्हें हटाने के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानसिंह राजपाल ने पाली प्रवास पर पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर डॉ. अनिल सराफ को पाली बीएमओ पद से हटाने की मांग करते हुए उनके खिलाफ ईलाज में लापरवाही का आरोप भी लगाया है। पत्र में राजपाल ने उल्लेख किया है कि डॉ. अनिल सराफ द्वारा मरीजों के ईलाज में घोर लापरवाही की जाती है, जिसके कारण कई गरीब व्यक्ति ईलाज के लिए इधर-उधर भटकते रहते हैं। उन्होंने ताजा उदहारण देते हुए कहा कि एक सप्ताह पूर्व सर्पदंश पीड़िता महिला को समय पर ईलाज नहीं दिया गया, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई।
इतना ही नहीं प्रसूता महिलाओं का भी ईलाज यहां लगभग बंद हो गया है और बीएमओ द्वारा अन्यत्र रिफर कर दिया जाता है, जिससे क्षेत्र की जनता में बीएमओ के खिलाफ जमकर आक्रोश है।
50 बिस्तर की प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में ज्ञानसिंह राजपाल ने कहा है कि अवर सचिव छत्तीसगढ़ शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा पाली सीएचसी को 50 बिस्तर की अनुमति दी जा चुकी है, साथ ही अतिरिक्त 21 पदों के लिए भी अनुमति दी जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री से इस प्रक्रिया को शीघ्र ही प्रारंभ करने की मांग राजपाल ने की है।
यहां अंधेरा कायम है!
ज्ञानसिंह राजपाल ने कहा कि लोग सीएचसी पाली जीवन की रोशनी की आस में पहुंचते हैं, लेकिन यहां अंधेरा कायम है। उन्होंने कहा कि सीएचसी सीएसईबी की बिजली पर रोशन होता है और पाली में बिजली की लचर व्यवस्था के कारण अधिकांश समय अंधेरा रहता है। उन्होंने डीएमएफ से राशि जारी कर क्रेडा के माध्यम से सोलर प्लेट लगाने की मांग की है।
सामान्य मौत को एक्सीडेंट का रूप देकर खेला जा रहा भ्रष्टाचार का खेल! जांच की मांग
पाली निवासी एक अधिवक्ता ने डॉ. अनिल सराफ पर भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि डॉ. अनिल सराफ सामान्य मौत को गाज से मौत या एक्सीडेंट से मौत का खेल खेलकर बड़ा भ्रष्टाचार कर रहे हैं और लोगों को उपकृत करने स्वयं मोटी रकम की मांग करते हैं। यदि इसकी जांच की जाए तो डॉ. अनिल सराफ का असली चेहरा सामने आ जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि उनके पास पुख्ता सबूत भी हैं।

