नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ,एजेंसी। रविवार को राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में तापमान 2.1 डिग्री, करौली में 2.4 डिग्री, सीकर में 3.5 डिग्री, पाली में 3.6 डिग्री और दौसा में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हिसार में तापमान 2.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पंजाब के फरीदकोट में तापमान 3.4 डिग्री, पटियाला में 4.6 डिग्री और अमृतसर-लुधियाना में 4.4 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया।
दरअसल, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम का असर है। ये जमीन से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर चलने वाली हवाएं हैं। इस बार इनकी रफ्तार 262kmph तक पहुंच गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश में अगले 5 दिन तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
23 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट है, इसका असर ट्रेनों और फ्लाइट्स पर नजर आ रहा है। रविवार को 13 फ्लाइट रद्द की गई हैं।
DGCA ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक को फॉग विंडो घोषित किया है। इस दौरान कम दृश्यता के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है।
क्या हैं जेट स्ट्रीम…
आसमान में ठंडी और गर्म हवा की नदी जैसी बहने वाली हवाएं ही जेट स्ट्रीम हैं। जेट स्ट्रीम आमतौर पर उत्तर (ध्रुवीय इलाकों) की ठंडी हवा और दक्षिण (गरम इलाकों) की गर्म हवा के बीच चलती हैं।
जब जेट स्ट्रीम झुक जाती है या फिर नीचे की ओर आ जाती है, तो यह उत्तर की बहुत ठंडी हवा को भारत तक खींच लाती है। नतीजा, अचानक ठंड बढ़ जाती है।
अगर जेट स्ट्रीम की रफ्तार कम हो जाए या एक जगह रुक जाए, तो ठंडी हवा वहीं फंस जाती है। इससे कई दिन तक ठंड बनी रहती और शीतलहर का असर बढ़ जाता है।
राज्यों से मौसम की तस्वीरें…

त्रिपुरा के अगरतला में सुबह गहरा कोहरा छाया। विजिबिलिटी 5 मीटर से कम रही।
श्रीनगर में शनिवार सुबह का तापमान -2.6°C रहा। यहां तापमान में तेज गिरावट आई है।
अगले तीन दिन के मौसम का हाल…
29 दिसंबर: कोहरा और ठंड का असर जारी
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में घना कोहरा छाने की संभावना।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज सर्दी और कोल्ड वेव का असर।
- ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार।
30 दिसंबर: कोहरे में हल्की कमी, ठंड बरकरार
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में सुबह घना कोहरा छा सकता है।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम ज्यादातर शुष्क, लेकिन ऊंचे इलाकों में तेज सर्दी रहेगी।
31 दिसंबर: मौसम में बदलाव के संकेत
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ में हल्का कोहरा छा सकता है।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना।
- कई इलाकों में हल्की बारिश, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
