DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बुधवारी बाजार के चारों ओर ग्रिल से सुरक्षा घेरा करेंगे

कोरबा। बुधवारी बाजार के चारों ओर सुरक्षा के लिए 5 फीट वॉल और 2 फीट ऊंची ग्रिल लगाकर घेरा किया जाएगा। इसके साथ ही बाजार के पसरों की मरम्मत और पुराने शेड को बदला जाएगा । पाथवे का भी सुधार कार्य कराया जाएगा। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने मंगलवार को सुबह निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने कहा है।

निगम की एक्शन टीम आयुक्त आशुतोष पांडे के साथ महाराणा प्रताप चौक , जैन चौक , बुधवारी बाजार से वीआईपी रोड होते हुए साकेत भवन तक पैदल मार्च किया । उन्होंने बुधवारी बाजार में व्यवस्था और गंदगी को देखकर नाराजगी जताई। बाजार का निरीक्षण करने के बाद इसकी सुरक्षा के लिए उपाय करने के निर्देश दिए । बाजार परिसर में कचरा का उठाव नहीं होने पर ठेका कंपनी के खिलाफ 5 हजार का जुर्माना लगाया है ।

परिसर की नियमित सफाई और कचरे का उठाव करने के निर्देश दिए हैं । बाजार के पसरों में संचालित सब्जी , फल दुकानों का निरीक्षण कर डस्टबिन नहीं रखने पर नाराजगी जताई । उन्होंने कहा कि डस्टबिन रखना अनिवार्य है । अधिकारियों को भी दुकानों का दिन में दो बार निरीक्षण करने और डस्टबिन ना रखने पर जुर्माना वसूलने कहा है । एक्शन टीम ने सड़क फुटपाथ पर कब्जा करने , गंदगी फैलाने और निर्माण सामग्री को सड़क पर डंप रखने पर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की । साथ ही बाजार के दूसरी ओर बेजा कब्जा को हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया गया ।

ग्रिल के अंदर फुटपाथ पर पुनः कब्जा पाया गया । इस पर भी आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं । यहां पर सौंदर्यीकरण के तहत दीवारों में पेंटिंग भी कराई गई है । इसी तरह ब्लैक स्टोन टाइल्स को सड़क किनारे रखने पर 2 हजार का जुर्माना वसूला गया है । होटल में गंदगी देखकर कार्रवाई के निर्देश दिए । इस मौके पर अधीक्षण अभियंता सुरेश बरुआ , जोन कमिश्नर भूषण उरांव , प्रकाश चंद्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय तिवारी , राजस्व अधिकारी अनिरुद्ध सिंह , सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, पियूष राजपूत , सुनील टांडे आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version