DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शेयर बाजार में तूफानी तेजी, निवेशकों की संपत्ति 34.61 लाख करोड़ रुपए बढ़ी

नई दिल्ली, एजेंसी। विदेशी निवेशकों की जोरदार लिवाली, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, कंपनियों के उम्मीद से बेहतर वित्तीय नतीजों और कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े शेयरों में वैश्विक गिरावट के बीच इस महीने भारतीय शेयर बाजारों में तेज उछाल आया है। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स में लगभग 11 प्रतिशत की बढ़त से शेयर निवेशकों की संपत्ति 34.61 लाख करोड़ रुपए बढ़ गई। 

तीस शेयरों वाला बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 23 नवंबर तक 7,976.46 अंक यानी 10.71 प्रतिशत बढ़ा है। शेयर बाजार में तेजी के इस रुख के बाद बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण इस महीने 34.61 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 509 लाख करोड़ रुपए हो गया है। बाजार की इस तेजी के पीछे विदेशी निवेशक एक प्रमुख चालक बनकर उभरे हैं। नवंबर में अब तक उनका शुद्ध निवेश एक लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर 1.27 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निवेश प्रवाह है। 

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ”भारत के प्रति एफआईआई के रुख में बदलाव, रुपए में मजबूती और कंपनियों की आय में उम्मीद से बेहतर वृद्धि ने मिलकर बाजार की धारणा को मजबूत किया, जिसे बुनियादी कारकों का ठोस समर्थन हासिल है। इस महीने अब तक भारत दुनिया में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला बड़ा बाजार रहा है।” वैश्विक स्तर पर एआई से जुड़े शेयरों में भारी गिरावट के कारण शेयर बाजारों में बिकवाली देखी गई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 88.90 डॉलर प्रति बैरल पर है। 

Exit mobile version