कोंडागांव,एजेंसी। कोंडागांव जिले के परचनपाल में बालिका बटालियन का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। परचनपाल में 22 जून से 1 जुलाई तक चलने वाले इस शिविर में 24 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं।
सेकेंड ऑफिसर पदमा पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कोंडागांव के कई स्कूलों की छात्राएं शामिल हैं। इनमें पीएम श्री स्कूल, एमजी वार्ड कोंडागांव, शमपूर स्कूल, बड़े डोंगर स्कूल और माकड़ी स्कूल की छात्राएं शामिल हैं।
भारतीय सेना के विशेषज्ञ छात्राओं को कई महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसमें सैन्य अनुशासन के लिए ड्रिल, हथियारों के सुरक्षित उपयोग के लिए फायरिंग और नक्शे से दिशा निर्धारण का प्रशिक्षण शामिल है। साथ ही अस्थायी शिविर लगाने, आग बुझाने और बुश रणनीति की जानकारी भी दी जा रही है।

आत्मरक्षा का गुण विकसित करने का मकसद
सेकंड ऑफिसर पदमा पांडे के मुताबिक, यह प्रशिक्षण छात्राओं में आत्मरक्षा, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क के गुण विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं की लगन देख कर विश्वास है कि ये भविष्य में सेना, पुलिस या नागरिक सेवाओं में देश की सेवा करेंगी।
