जांजगीर | जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए मिनी वर्ग और ओपन शतरंज चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 21 और 22 जून को होटल हरियाली हेरिटेज, अकलतरा रोड, जांजगीर में होगी। आयोजन जिला शतरंज संघ द्वारा किया जा रहा है। संघ के अध्यक्ष देवेंद्र राठौर, उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव और सचिव गिरधर गोपाल ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा।
मैच सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। पुरस्कार वितरण समारोह 22 जून को शाम 6 बजे से होगा। प्रतियोगिता में अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं और अंडर-19 से ऊपर आयु वर्ग के खिलाड़ी ओपन कैटेगरी में भाग लेंगे। 21 जून को अंडर-15 और अंडर-19 वर्ग की स्पर्धाएं होंगी। 22 जून को अंडर-17 और ओपन कैटेगरी की प्रतियोगिता होगी।
इसमें केवल जांजगीर-चांपा जिले के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। प्रवेश की अंतिम तिथि 18 जून तय की गई है। अंडर-19 तक के खिलाड़ियों के लिए प्रवेश शुल्क 500 रुपए और ओपन कैटेगरी के लिए 600 रुपए रखा गया है। हर आयु वर्ग में तीन ट्रॉफी दी जाएगी: हर आयु वर्ग में बालक और बालिका वर्ग के पहले तीन स्थानों को ट्रॉफी दी जाएगी। चौथे स्थान पर रहने वालों को मोमेंटो मिलेगा। अंडर-17 तक के सभी प्रतिभागियों को मेडल और सभी खिलाड़ियों को ई-प्रमाणपत्र दिया जाएगा। हर आयु वर्ग से चार-चार बालक और बालिकाओं का चयन राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा।
